TVS ने एक नया इलेक्ट्रिक स्कूटर TVS Orbiter V1 लॉन्च कर दिया है. यह स्कूटर 1.8 kWh बैटरी के साथ पेश किया गया है. कम कीमत की वजह से यह स्कूटर कंपनी की EV लाइन-अप में यह सबसे किफायती मॉडल माना जा रहा है. इस स्कूटर में Battery-As-A-Service (BaaS) नाम का नया मॉडल भी पेश किया है. इसीलिए इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की शुरुआती कीमत सिर्फ ₹49,999 (एक्स-शोरूम दिल्ली) से शुरू हो जाती है, जिसमें सरकार की PM e‑Drive Scheme का फायदा भी शामिल है.
वहीं, अगर आप बैटरी सब्सक्रिप्शन के बिना स्कूटर खरीदना चाहते हैं, तो इसकी कीमत करीब ₹84,500 (एक्स-शोरूम दिल्ली) होगी. BaaS मॉडल का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे स्कूटर खरीदने की शुरुआती लागत कम हो जाती है और बैटरी को लेकर लंबी अवधि की चिंता भी कम हो जाती है.

Battery-As-A-Service क्या होता है?
TVS Motor ने अपने इस इलेक्ट्रिक स्कूटर पोर्टफोलियो में Battery-As-A-Service (BaaS) मॉडल पेश किया है. इसका मतलब है कि ग्राहक स्कूटर खरीदते समय बैटरी की पूरी कीमत देने के बजाय उसे मासिक सब्सक्रिप्शन के जरिए इस्तेमाल कर सकते हैं. इस मॉडल में स्कूटर की कीमत और बैटरी की कीमत अलग-अलग हो जाती है. इसके साथ बैटरी पर 5 साल या 70,000 किलोमीटर तक की वारंटी भी मिलती है.
TVS Orbiter V1 का डिजाइन
कंपनी ने इसे रोजाना इस्तेमाल के लिए डिज़ाइन किया है. स्कूटर में 845 मिमी लंबी फ्लैट सीट दी गई है, जिससे राइडर और पीछे बैठने वाले दोनों को आराम मिलता है. इसमें 290 मिमी का चौड़ा फुटबोर्ड दिया गया है जिससे पैरों के लिए ज्यादा जगह मिलती है. चौड़ा और सीधा हैंडलबार राइडर को बेहतर राइडिंग पोजिशन देता है. स्कूटर में 34 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज भी दिया गया है, जिसमें दो हेलमेट तक रखे जा सकते हैं.
TVS Orbiter V1 की स्मार्ट टेक्नोलॉजी
TVS Orbiter V1 में कई स्मार्ट टेक्नोलॉजी फीचर्स दिए गए हैं जैसे क्रैश अलर्ट, फॉल अलर्ट, एंटी-थेफ्ट सिस्टम, जियो-फेंसिंग और टाइम-फेंसिंग जैसे सेफ्टी फीचर्स आदि. स्कूटर में स्मार्ट नेविगेशन भी दिया गया है जिसमें टर्न-बाय-टर्न दिशा निर्देश मिलते हैं. LCD डिजिटल क्लस्टर पर कॉल, SMS और अन्य नोटिफिकेशन भी दिखाई देते हैं. इसके अलावा इसमें Hill Hold Assist, Cruise Control और Parking Assist जैसे फीचर्स दिए गए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं