Skoda ऑटो इंडिया ने अपनी सबसे दमदार और परफॉर्मेंस-ओरिएंटेड SUV 'Skoda Kodiaq RS' को भारत में लॉन्च कर दिया है. ₹66.99 लाख (एक्स-शोरूम) की कीमत पर आई यह गाड़ी भारत में बिकने वाली स्कोडा की अब तक की सबसे तेज रफ्तार कार है. इस कार का क्रेज इस कदर देखा जा रहा है कि भारत के लिए तय की गई पहली 50 यूनिट्स की बुकिंग शुरू होने के महज 6 मिनट के भीतर ही यह पूरी तरह सोल्ड आउट हो गई.
रॉकेट जैसी रफ्तार और दमदार इंजन
नई स्कोडा कोडिएक आरएस (Skoda Kodiaq RS) में कंपनी ने 'EA888' 2.0-लीटर का चार-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया है. यह इंजन 265 hp की बेमिसाल पावर और 400 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. स्टैंडर्ड कोडिएक के मुकाबले इसमें 61 hp की ज्यादा पावर और 80 Nm का ज्यादा टॉर्क मिलता है. इस इंजन को 7-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जोड़ा गया है, जो ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम के जरिए चारों पहियों को पावर सप्लाई करता है. रफ्तार के मामले में यह इतनी तेज है कि महज 6.3 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की स्पीड पकड़ लेती है.
BMW X5 का अब तक का सबसे बड़ा अवतार! पेट्रोल, डीजल, PHEV और EV सब एक साथ
स्पोर्टी लुक जो दीवाना बना दे
लुक के मामले में Kodiaq RS आम एसयूवी से काफी अलग है. इसके बंपर को पूरी तरह से नया डिजाइन दिया गया है और ग्रिल, ओआरवीएम, विंडो फ्रेम, रूफ रेल्स और डी-पिलर पर ग्लॉस ब्लैक फिनिश का इस्तेमाल किया गया है. इसमें पीछे की तरफ डुअल स्टेनलेस स्टील एग्जॉस्ट टिप्स और बड़े 20-इंच के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं जो इसे रोड पर एक मस्कुलर लुक देते हैं. यह कार वेलवेट रेड, मैजिक ब्लैक, मून व्हाइट और स्टील ग्रे जैसे चार खूबसूरत रंगों में उपलब्ध होगी.
इंटीरियर में लग्जरी और फीचर्स की भरमार
केबिन के अंदर कदम रखते ही आपको एक रेसिंग कार जैसा अहसास होता है. इसमें रेड कंट्रास्ट स्टिचिंग के साथ स्पोर्टी सीटें दी गई हैं, जिन पर आरएस (RS) की ब्रांडिंग मिलती है. डैशबोर्ड पर 12.9-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जो आरएस-स्पेसिफिक ग्राफिक्स के साथ आता है. आराम के लिए इसमें पैनोरमिक सनरूफ, थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वेंटिलेशन और मसाज फंक्शन वाली सीटें और संगीत के शौकीनों के लिए 13-स्पीकर वाला कैंटन (Canton) साउंड सिस्टम दिया गया है.
नई Kia Seltos में आए 28 नए सेफ्टी फीचर्स, बिना चाबी के खुलेगा दरवाजा, फोन से चलेगा डैशकैम!
सुरक्षा के मामले में नो-समझौता
स्कोडा कोडिएक आरएस में सुरक्षा के लिए 9 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा और एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसे आधुनिक फीचर्स शामिल किए गए हैं. इसके अलावा, खराब रास्तों और बेहतरीन हैंडलिंग के लिए इसमें 15 एडजस्टेबल सेटिंग्स वाला एडाप्टिव डैम्पर्स (DCC Plus) सिस्टम भी मिलता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं