BMW ने अपनी सबसे पॉपुलर एसयूवी BMW X5 के 5वीं जनरेशन मॉडल से पर्दा उठा दिया है. इस नई कार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पेट्रोल, डीजल, बिजली (Electric) और यहां तक कि हाइड्रोजन से भी चलने वाले इंजन ऑप्शंस के साथ पेश की गई है. यानी एक ही कार के अंदर आपको भविष्य की हर तकनीक देखने को मिल जाएगी.
नई जनरेशन BMW X5 को कंपनी ने बिल्कुल नया और मॉडर्न लुक दिया है. इसके फ्रंट में नई एलईडी डे-टाइम रनिंग लैम्प्स दिए गए हैं, जो डबल 'X' लाइट सिग्नेचर के साथ आते हैं. कार की ग्रिल रात में चमकती है. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इसमें पारंपरिक डोर हैंडल नहीं दिए गए हैं, बल्कि दरवाजे इलेक्ट्रिकली बटन दबाकर खुलते हैं. कार की लंबाई 4,994 मिमी है और इसमें 21 से 23 इंच तक के बड़े अलॉय व्हील्स का ऑप्शन मिलता है.
स्पेसशिप जैसा केबिन
कार के अंदर कदम रखते ही आपको किसी स्पेसशिप जैसा अहसास होगा. केबिन के अंदर 17.9 इंच की बहुत बड़ी सेंट्रल टचस्क्रीन दी गई है. इसके साथ ही 'पैनोरैमिक विजन' डिस्प्ले मिलता है. आगे बैठने वाले पैसेंजर के लिए अलग से 14.6 इंच की स्क्रीन दी गई है. इसके अलावा कार में 3D एम्बिएंट लाइटिंग, वेंटिलेटेड और मसाज करने वाली सीटें और एक शानदार पैनोरैमिक सनरूफ भी दिया गया है.
एक कार, पांच तरह के इंजन ऑप्शंस
BMW ने इस गाड़ी को बेहद वर्सेटाइल बनाया है. इसमें आपको अपनी पसंद का कोई भी इंजन चुनने की आजादी मिलती है. लॉन्च के समय इसका 3.0-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन (400 hp पावर) और एक दमदार डीजल इंजन (313 hp पावर) मिलेगा. इसके अलावा जो लोग हाइब्रिड पसंद करते हैं, उनके लिए प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) का ऑप्शन भी है, जो सिर्फ बैटरी पर 102 किलोमीटर तक चल सकती है.
845 किमी की रेंज और हाइड्रोजन की ताकत
जो लोग पूरी तरह से इलेक्ट्रिक गाड़ी चाहते हैं, उनके लिए इसका ऑल-इलेक्ट्रिक वेरिएंट उतारा गया है. इसमें 141 kWh का बहुत बड़ा बैटरी पैक दिया गया है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर पूरे 845 किलोमीटर की दूरी (WLTP रेंज) तय कर सकता है.
यह कार सुपरफास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है, जिससे यह महज 23 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है. इसके साथ ही कंपनी टोयोटा के सहयोग से इसका हाइड्रोजन वर्जन 'iX5 Hydrogen' भी भविष्य में लॉन्च करेगी.
इस नई X5 के सभी वेरिएंट्स में एडेप्टिव सस्पेंशन स्टैंडर्ड तौर पर दिए गए हैं. इस गाड़ी का प्रोडक्शन अगस्त 2026 से अमेरिका के स्पार्टनबर्ग प्लांट में शुरू होने जा रहा है, जिसके बाद यह दुनिया भर के बाजारों में बिक्री के लिए उपलब्ध होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं