Royal Enfield Bullet 650 vs BSA Goldstar 650: देश में ग्राहक मिड वेट यानी 650cc की बाइकों को खूब पसंद कर रहे हैं. इस सेगमेंट में रॉयल एनफील्ड ने कई सालों से अपनी धाक जमाई हुई है. लेकिन कुछ दिन पहले ब्रिटिश कंपनी बीएसए ने रॉयल एनफील्ड को टक्कर देने के लिए अपनी गोल्डस्टार 650 बाइक मैदान में उतार दी. प्रतिस्पर्धा को देखते हुए रॉयल एनफील्ड ने भी अपने सबसे पॉपुलर बुलेट को 650cc के अवतार में पेश कर दिया है. ऐसे में अगर आप इन दोंने बाइक्स के बीच में कंफ्यूज हो रहे हैं कि कौन सी खरीदे, तो इस खबर में जानिए कि रॉयल एनफील्ड बुलेट 650 और बीएसए गोल्डस्टार 650 में से ऑन-पेपर कौन सी बाइक बेहतर लगती है.
डिजाइन और लुक
पहले बात इन दोनों शानदार बाइक की डिजाइन और लुक की करते हैं. एक बात आपको बता दें कि ये दोनों नई बाइक्स अपने पुराने ओरिजिनल मॉडल की याद दिलाती हैं. रॉयल एनफील्ड बुलेट 650 में अपनी फेमस गोल हैडलैंप, टियरड्रॉप फ्यूल टैंक और लंबी सिंगल-पीस सीट दी है, जो इसे पुराने बुलेट वाला लुक देती है. दूसरी तरफ, बीएसए गोल्डस्टार 650 भी अपने क्रोम फिनिश, क्लासिक ट्विन-पॉड इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और पुराने जमाने के टियरड्रॉप टैंक के साथ प्रीमियम लगती है.
इंजन और परफॉर्मेंस में कौन निकला आगे?
हां, इंजन और परफॉर्मेंस के मामले में थोड़ा अंतर देखने को मिलता है. रॉयल एनफील्ड बुलेट 650 में कंपनी ने 647.95cc का एयर/ऑयल-कूल्ड इंजन दिया है. ये इंजन 7250 rpm पर 46.39 bhp की पावर और 5650 rpm पर 52.3 Nm का टॉर्क निकालता है. ग्राहकों की स्मूथ राइडिंग के लिए इसे 6-स्पीड गियरबॉक्स दिए गए हैं.
दूसरी तरफ बीएसए गोल्डस्टार 650 में 652cc का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन है. यह इंजन 6500 rpm पर 45.6 bhp की पावर देता है, लेकिन इसका टॉर्क बुलेट से ज्यादा है. ये 4000 rpm पर ही 55 Nm का धमाकेदार टॉर्क पैदा करता है. हालांकि इसमें 5-स्पीड गियरबॉक्स का ऑप्शन है. यानी टॉर्क के मामले में बुलेट हल्की पीछे हैं, नहीं तो गियरबॉक्स के मामले में बीएसए गोल्डस्टार पीछे रह जाती है.
हार्डवेयर, वजन और फीचर्स
राइडिंग कम्फर्ट के लिए बुलेट 650 में फ्रंट में टेलिस्कोपिक फोर्क्स और रियर में ट्विन शॉक एब्जॉर्बर हैं. ब्रेकिंग के लिए आगे और पीछे डिस्क ब्रेक के साथ डुअल-चैनल एबीएस दिया है. वहीं इस बाइक का वजन 243 किलो है और फ्यूल टैंक 14.8 लीटर का है. वहीं, बीएसए गोल्डस्टार 650 का वजन केवल 201 किलो है, जो इसे बुलेट से 42 किलो हल्का बनाता है. कम वजन की वजह से इसे ट्रैफिक में आसानी से हेंडल किया जा सकता है. गोल्डस्टार में आगे और पीछे डिस्क ब्रेक हैय फीचर्स की बात करें तो बुलेट 650 में डिजिटल-एनालॉग क्लस्टर के साथ गूगल मैप्स का ट्रिपर नेविगेशन मिलता है, जबकि गोल्डस्टार में एक सेमी-डिजिटल ट्विन-पॉड क्लस्टर और एक यूएसबी चार्जिंग पोर्ट दिया कंपनी दे रही है.
जेब पर कौन हल्का
कीमत की बात करें तो बीएसए गोल्डस्टार 650 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 3.25 लाख रुपये है, जबकि रॉयल एनफील्ड बुलेट 650 की कीमत करीब ₹3.65 लाख (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है. ऐसे में इस पूरी खबर से पता चलता है कि अगर आप लॉन्ग ड्राइव के लिए हाइवे का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं तो यहां बुलेट अच्छा ऑप्शन है. वहीं, एक हल्की बाइक चाहते हैं जो ज्यादा पिक-अप दे और बजट में भी फिट बैठे, तो बीएसए गोल्डस्टार 650 पर दांव लगा सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं