Maruti Suzuki ने आखिरकार अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार e Vitara को भारत में लॉन्च कर दिया है. लंबे समय से इस इलेक्ट्रिक SUV का इंतजार किया जा रहा था. e Vitara को नए HEARTECT-e प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है, जो खास तौर पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए तैयार किया गया है। इसमें दो बैटरी विकल्प मिलते हैं – 49kWh और 61kWh, जो लिथियम आयरन फॉस्फेट (LFP) तकनीक पर आधारित हैं.

e Vitara के फीचर्स
इसमें Matrix LED DRLs, LED प्रोजेक्टर हेडलैंप और LED टेललैंप दिए गए हैं. 18 इंच के एयरोडायनामिक अलॉय व्हील्स इसका लुक बेहतर करते हैं. इंटीरियर में 10.1 इंच का टचस्क्रीन और 10.25 इंच का डिजिटल डिस्प्ले वाला डिजिटल कॉकपिट मिलता है. वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 10-वे पावर एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, 40:20:40 स्प्लिट रियर सीट, फिक्स्ड ग्लास सनरूफ और Infinity by Harman ऑडियो सिस्टम जैसे प्रीमियम फीचर्स भी दिए गए हैं. Suzuki Connect के जरिए 60 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स मिलते हैं.
e Vitara की कीमत
Maruti Suzuki e Vitara एक मिड-साइज इलेक्ट्रिक SUV है. इस कार की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत लगभग 18 लाख रुपये से शुरू होकर 24 लाख रुपये तक जा सकती है. इस प्राइस रेंज में यह कई पॉपुलर इलेक्ट्रिक SUVs को टक्कर देगी. e Vitara का मुकाबला Mahindra BE 6, Toyota Urban Cruiser Ebella, Hyundai Creta Electric, Tata Curvv.ev, MG ZS EV और VinFast VF6 जैसी गाड़ियों से होगा. इन सभी मॉडलों के बीच कीमत, रेंज और फीचर्स के आधार पर कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी.

e Vitara की पावर
49kWh बैटरी के साथ मोटर 105.8kW की पावर देती है, जबकि 61kWh बैटरी के साथ 128kW की पावर मिलती है. कंपनी का दावा है कि 61kWh बैटरी पैक के साथ यह SUV एक बार फुल चार्ज करने पर 543 किलोमीटर तक चल सकती है. वहीं, छोटी बैटरी के साथ रेंज 440 किलोमीटर तक बताई गई है.
e Vitara सेफ्टी रेटिंग
सुरक्षा के मामले में e Vitara को 5-स्टार Bharat NCAP रेटिंग मिली है. वयस्क यात्रियों की सुरक्षा में इसे 32 में से 31.49 अंक और बच्चों की सुरक्षा में 49 में से 43 अंक मिले हैं. इसमें सात एयरबैग स्टैंडर्ड दिए गए हैं, जिनमें ड्राइवर साइड नी एयरबैग भी शामिल है. इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ऑल-डिस्क ब्रेक, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, TPMS और लेवल 2 ADAS जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स भी मिलते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं