- नई मारुति ब्रेजा फेसलिफ्ट में 10.1-इंच स्क्रीन और पैनोरमिक सनरूफ मिलने की उम्मीद है.
- नई SUV में 6-स्पीड गियरबॉक्स और 1.2L टर्बो पेट्रोल इंजन का ऑप्शन दिया जा सकता है.
- नई ब्रेजा का खरखौदा में प्रोडक्शन शुरू हो गया है और जल्द ही लॉन्च होने की संभावना है.
Auto News: मारुति सुजुकी की पॉप्युलर कॉम्पैक्ट एसयूवी ब्रेजा अब एक नए और दमदार अवतार में मार्केट में उतरने के लिए लगभग तैयार है. महीनों तक सड़कों पर अलग-अलग टेस्टिंग के बाद, अब नई ब्रेज़ा फेसलिफ्ट (Maruti Suzuki Brezza 2026 Facelift) का प्रोडक्शन-रेडी लुक सामने आ गया है. प्रमोशनल एक्टिविटीज शुरू हो चुकी हैं, जो इस बात का सीधा इशारा है कि ऑफिशियल लॉन्च बस कुछ ही हफ्तों दूर है.
लुक्स में क्या बदला है? ज्यादा 'टफ' और प्रीमियम
तस्वीरों से साफ है कि नई ब्रेजा का फ्रंट लुक अब पहले से काफी ज्यादा मस्कुलर हो गया है. इसमें एक चौड़ी ग्रिल दी गई है, जिसके बीच से एक मोटा क्रोम एलिमेंट गुजरता है. फ्रंट बम्पर को पूरी तरह से नया डिजाइन मिला है, जिसमें अब वर्टिकल फॉग लैंप हाउसिंग और एक शानदार सिल्वर स्किड प्लेट दी गई है. ये सारे बदलाव मिलकर नई ब्रेजा को पुरानी वाली के मुकाबले ज्यादा 'टफ' और ऊंचा लुक देते हैं.

मारुति सुजुकी ब्रेजी 2026 फेसलिफ्ट का फर्स्ट लुक लीक हो गया है.
Photo Credit: Rushlane
ब्रेजा में नए गियरबॉक्स और टर्बो इंजन की एंट्री
ड्राइविंग के शौकीनों के लिए एक अच्छी खबर है. पुरानी टेस्टिंग की तस्वीरों ने खुलासा किया था कि नई ब्रेजा में एक नया 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलेगा, जो मौजूदा 5-स्पीड यूनिट को रिप्लेस करेगा. इससे न सिर्फ हाईवे पर क्रूजिंग आरामदायक होगी, बल्कि माइलेज भी बेहतर होने की उम्मीद है.
रशलेन की रिपोर्ट के मुताबिक, मारुति इसमें एक नया 1.2-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन भी पेश कर सकती है. इस कदम से कंपनी को 1.2-लीटर से कम वाले इंजन पर लगने वाले कम GST स्लैब का फायदा मिलेगा, और ग्राहकों को दमदार परफॉरमेंस. हालांकि, मौजूदा 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल और CNG पावरट्रेन के ऑप्शन भी लाइनअप में बने रहेंगे.

मारुति सुजुकी ब्रेजा में अभी आ रहे इंजन और गियरबॉक्स में भी बदलाव की चर्चा है.
Photo Credit: Maruti Suzuki
पैनोरमिक सनरूफ और बड़ी स्क्रीन का मजा
केबिन के अंदर भी मारुति ने बड़े अपग्रेड किए हैं. मौजूदा 9-इंच स्क्रीन की छुट्टी होने वाली है और उसकी जगह एक बड़ा 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम लेगा. इसके अलावा, वेंटिलेटेड सीट्स, लग्जरी का अहसास कराने वाला पैनोरमिक सनरूफ, नई अपहोल्स्ट्री और नई ट्रिम फिनिश इसके इंटीरियर को एकदम फ्रेश लुक देंगे.
खरखौदा प्लांट में शुरू हुआ प्रोडक्शन
आपको बता दें कि इस नई ब्रेजा का प्रोडक्शन मारुति के नए खरखौदा प्लांट में कुछ हफ्ते पहले ही शुरू हो चुका है. इसी प्लांट में कंपनी की Victoris का निर्माण भी किया जा रहा है.
मारुति को इस फेसलिफ्ट की जरूरत क्यों है?मई 2026 के सेल्स आंकड़े बताते हैं कि सब-कॉम्पैक्ट (3.8-4 मीटर) SUV सेगमेंट में जंग बहुत तेज हो गई है. मई 2025 में इस सेगमेंट की कुल 98966 गाड़ियां बिकी थीं, जो मई 2026 में 19.12% की ग्रोथ के साथ बढ़कर 117889 यूनिट्स हो गईं. लेकिन, ब्रेजा के लिए आंकड़े थोड़े चिंताजनक रहे हैं. मई 2026 में ब्रेजा की 13425 यूनिट्स बिकीं, जो पिछले साल 15566 यूनिट्स के मुकाबले 13.75% कम है. इसके चलते 11.39% मार्केट शेयर के साथ ब्रेजा लिस्ट में चौथे नंबर पर खिसक गई है.
सेगमेंट में बाकी गाड़ियों का क्या रहा हाल?Maruti Fronx ने 20686 यूनिट्स के साथ पहला, Tata Punch/EV ने 20208 यूनिट्स के साथ दूसरा और Tata Nexon/EV ने 19100 यूनिट्स के साथ तीसरा स्थान कब्जाया है. ब्रेजा के बाद, Hyundai Venue 11714 यूनिट्स और Kia Sonet 9707 यूनिट्स बेचकर 5वें और छठे नंबर पर रहीं.
वहीं, Mahindra XUV3XO/EV की 6717 यूनिट्स और Hyundai Exter की 6595 यूनिट्स ही बिकीं. लिस्ट में नीचे चलें तो Skoda Kylaq की 3443 यूनिट्स, Toyota Taisor की 2496 यूनिट्स, Nissan Magnite की 1665 यूनिट्स, Kia Syros की 961 यूनिट्स, Renault Kiger की 656 यूनिट्स और Maruti Jimny की सिर्फ 516 यूनिट्स ही बिकी हैं.
टाटा नेक्सन, हुंडई वेन्यू, किआ सोनेट, महिंद्रा XUV 3XO और स्कोडा कायलाक जैसे प्रतिद्वंदियों से मिल रही इस कड़ी टक्कर का जवाब देने के लिए ही मारुति अपनी इस नई ब्रेजा फेसलिफ्ट को बेहतरीन फीचर्स के साथ उतारने जा रही है. आने वाले कुछ ही हफ्तों में इसके लॉन्च से जुड़ी सारी पक्की डिटेल्स सामने आ जाएंगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं