- रौशन आनंद ने अपने भाई प्रिंस यादव की नेपाल के होटल में संदिग्ध मौत को हत्या करार दिया है.
- रौशन आनंद ने खान सर पर उनके भाई की हत्या करवाने का आरोप लगाया है.
- प्रिंस यादव पर खान सर के कोचिंग पर हुई फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना में केस दर्ज था.
पटना में कोचिंग विवाद के बाद से सुर्खियों में बने खार सर (Khan Sir) की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. भाई प्रिंस यादव की नेपाल के होटल में संदिग्ध मौत के बाद बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद (Raushan Anand) एफआईआर करवाने थाने पहुंचे हैं. जानकारी के मुताबिक, रौशन आनंद भाई प्रिंस की मौत (Prince Yadav Death) पर पटना के कदमकुआं थाने में खान सर के खिलाफ मुकदमा करवाने गए हैं. इससे पहले जेल से छूटते ही रौशन आनंद ने कहा कि उसके भाई प्रिंस की हत्या की गई है. रौशन ने भाई की हत्या का आरोप खान सर पर लगाया था. रौशन ने दावा किया कि फैजल खान (खान सर) ने उनके भाई की हत्या करवाई और मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है.
रौशन आनंद बोले- प्रिंस की मौत साजिश थी
ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि उनके भाई प्रिंस यादव की मौत आकस्मिक नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी. रौशन आनंद ने कहा कि उनके भाई जेल से बाहर सुरक्षित थे, लेकिन आनंद के जेल जाने के कुछ ही समय बाद संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हो गई. उन्होंने दावा किया कि घटनाक्रम गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करता है और गहन जांच की आवश्यकता है.
रौशन आनंद ने प्रिंस यादव की मौत की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की. ताकि घटना के पीछे छिपी असली साजिश का पर्दाफाश हो सके. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खान ग्लोबल स्टडीज में हुई गोलीबारी और तोड़फोड़ की घटना के बारे में सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक होने के बाद कहानी बदल गई.
रविवार को नेपाल के होटल में मिला था प्रिंस का शव
बता दें कि रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की 3 दिन पहले नेपाल के एक होटल में संदिग्ध हाल में मौत हो गई थी. प्रिंस का नेपाल के बीरतनगर के एक होटल के कमरे से रविवार को शव मिला. जिसके बाद बीते दिनों हुआ कोचिंग विवाद और गहरा गया. प्रिंस यादव पर बीते दिनों खान सर के कोचिंग पर हुए फायरिंग मामले में केस दर्ज था.
जानकारी के अनुसार, खान ग्लोबल स्टडीज में 2 जून को हुई तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की घटना के बाद दर्ज एफआईआर में प्रिंस यादव को पहले ही आरोपी बनाया गया था. कोचिंग संस्थान हिंसा मामले में रौशन आनंद को 3 जून को गिरफ्तार किया गया था और जमानत मिलने से पहले वे लगभग 12 दिनों तक न्यायिक हिरासत में रहे.
यह भी पढे़ं-
एक भाई जेल में, दूसरे की हत्या... रोशन आनंद के भाई प्रिंस की मौत पर भड़के पप्पू यादव ने की यह मांग
चुनाव लड़ने की तैयारी में था रौशन आनंद का भाई प्रिंस यादव, खान सर पर लगाया हत्या का आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं