इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए JSW MG Motor ने अपनी नई MG Tomahawk SUV को देश में लॉन्च कर दिया है. अट्रैक्टिव लुक और मॉडर्न फीचर्स से लैस इस प्रीमियम एसयूवी को इलेक्ट्रिक (EV) और प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) दोनों पावरट्रेन ऑप्शन में पेश किया गया है. कंपनी ने ग्राहकों के लिए आउटराइट खरीद के अलावा इनोवेटिव 'बैटरी-एज-ए-सर्विस' (BaaS) रेंटल प्रोग्राम का ऑप्शन भी दिया है.
Tomahawk EV: बैटरी रेंटल (BaaS) स्कीम के तहत इसकी शुरुआती कीमत 13.99 लाख रुपये है. जबकि बिना रेंटल (आउटराइट) खरीदने पर इसकी शुरुआती कीमत 19.50 लाख रुपये तय की गई है.
Tomahawk PHEV: हाइब्रिड मॉडल की शुरुआती कीमत BaaS प्लान के साथ 21.80 लाख रुपये और बिना रेंटल के 25.70 लाख रुपये से शुरू होती है. हालांकि, कंपनी के अनुसार, ये कीमत लिमिटेड यूनिट्स के लिए ही वैलिड रहेगी. ऐसे में अगर आप इसको खरीदने का प्लान कर रहे हैं तो आपको जल्द बुकिंग करवा कर फायदा उठाना होगा.
बुकिंग, डिलीवरी और वैरिएंट्स
ग्राहक इस नई SUV को Excite, Exclusive और Essence वैरिएंट्स में बुक कर सकते हैं. कंपनी ने इसकी बुकिंग शुरू कर दी है. इलेक्ट्रिक मॉडल (EV) की टेस्ट ड्राइव और डिलीवरी इसी साल सितंबर से शुरू कर दी जाएगी. जबकि हाइब्रिड मॉडल (PHEV) खरीदने वाले कस्टमर्स को टेस्ट ड्राइव और डिलीवरी के लिए नवंबर तक का इंतजार करना होगा.
बोल्ड एक्सटीरियर और केबिन के मुख्य फीचर्स
MG Tomahawk के एक्सटीरियर डिजाइन को स्पोर्टी और मॉडर्न टच दिया गया है. इसके फ्रंट में क्रोम एलिमेंट्स के साथ नई ब्लैक ग्रिल, LED DRLs और डायनेमिक टर्न इंडिकेटर्स मिलते हैं. प्रोफाइल में 18-इंच के ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स, रूफ रेल्स, शार्क-फिन एंटीना, रियर फॉग लाइट्स और एलईडी टेललाइट्स दिए गए हैं जो इसके लुक को और प्रीमियम बनाते हैं.
प्रीमियम इंटीरियर और सिटिंग कॉन्फिगरेशन
ये कार 5-सीटर और 7-सीटर दोनों ऑप्शन में बेची जाएगी. केबिन को आरामदायक बनाने के लिए कई बेहतरीन फीचर्स दिए गए हैं. कंपनी का दावा है कि इसमें सेगमेंट-फर्स्ट 15.6-इंच की बड़ी टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है. इसके साथ 10-स्पीकर्स वाला हाई-एंड इंफिनिटी साउंड सिस्टम और 256-कलर एम्बिएंट लाइटिंग दी गई है.
साथ ही वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 6-वे एडजस्टेबल पावर्ड ड्राइवर सीट (मेमोरी और ऑटो-रिट्रैक्ट फीचर के साथ) और 4-वे इलेक्ट्रिक को-पैसेंजर सीट मिलेंगी. पीछे की सीटों के लिए सनशेड्स और रिक्लाइन/स्लाइड करने की भी सुविधा दी गई है. इसमें केबिन को हवादार महसूस कराने के लिए एक बड़ा पैनोरमिक सनरूफ दिया गया है.
कनेक्टिविटी और फर्स्ट-इन-सेगमेंट सुरक्षा फीचर्स
तकनीकी तौर पर ये गाड़ी काफी एडवांस्ड है. इसमें 80 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स शामिल हैं. ये सिस्टम 30 से अधिक हिंग्लिश वॉइस कमांड्स को आसानी से प्रोसेस कर सकता है. इसके अलावा, इसमें i-Swipe+ जेस्चर कंट्रोल, वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और ऐपल कारप्ले, और वायरलेस फोन चार्जर भी दिया गया है. ड्राइवर की सुविधा के लिए 8.7-इंच का डिजिटल क्लस्टर, 360-डिग्री कैमरा (ट्रांसपेरेंट चेसिस व्यू के साथ) और पावर टेलगेट मिलता है. केबिन को 'डेजर्ट स्क्वाड्रन' इंटीरियर थीम दी गई है.

Tomahawk PHEV
Photo Credit: MG Hector
सेफ्टी फीचर्स
सफर को सुरक्षित बनाने के लिए गाड़ी में लेवल 2 ADAS तकनीक, 6 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP), ट्रैक्शन कंट्रोल (TCS), हिल होल्ड असिस्ट (HHC), ABS के साथ EBD और इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक (EPB) जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं.
पावरट्रेन: बैटरी कैपिसिटी, परफॉर्मेंस और रेंज
MG Tomahawk EV (इलेक्ट्रिक): इस मॉडल में 69.2kWh कैपिसिटी का LFP बैटरी पैक दिया गया है. इसकी मोटर 201bhp की अधिकतम पावर और 310Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करती है. कंपनी ने दावा किया है फुल चार्ज होने पर ये SUV 517 किलोमीटर की ड्राइविंग रेंज देती है. कंपनी का दावा है कि ये सिर्फ 8.2 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की स्पीड तक पहुंच सकती है.
MG Tomahawk PHEV (हाइब्रिड): इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ 20.5kWh का बैटरी पैक लगाया गया है. ये कंबाइंड इंजन 198bhp की पावर और 230Nm का टॉर्क डिलीवर करता है. इसकी कुल कंबाइंड ड्राइविंग रेंज (फ्यूल + बैटरी) 1100 किलोमीटर तक बताई गई है.
कीमत
| मॉडल और वैरिएंट | सिटिंग कैपिसिटी | एक्स-शोरूम कीमत (रुपये) |
| Tomahawk EV Excite | 7-सीटर | 19.50 लाख |
| Tomahawk EV Exclusive | 7-सीटर | 22.00 लाख |
| Tomahawk EV Essence | 5-सीटर | 23.00 लाख |
| Tomahawk EV Essence | 7-सीटर | 23.50 लाख |
| Tomahawk PHEV Exclusive | 7-सीटर | 25.70 लाख |
| Tomahawk PHEV Essence | 7-सीटर | 27.80 लाख |
ये भी पढ़ें- 5-स्टार रेटिंग वाली Maruti की कार पर बंपर ऑफर, 28.65 kmpl तक का माइलेज, 1.35 लाख की बचत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं