Jeep अब भारत की भरोसेमंद कंपनी Tata Motors के साथ मिलकर एक बहुत शक्तिशाली और नई SUV तैयार कर रही है. सबसे मजेदार बात यह है कि जीप की यह नई गाड़ी टाटा की हालिया लॉन्च हुई 'सिएरा' (Tata Sierra) के प्लेटफॉर्म पर बेस्ड होगी. भारत में बनने वाली यह कार न सिर्फ यहां के बाजार में आएंगी बल्कि इसे दुनिया के 50 से अधिक देशों में एक्सपोर्ट भी किया जाएगा.
टाटा के ARGOS प्लेटफॉर्म का होगा इस्तेमाल
जीप की इस आने वाली नई SUV का सबसे बड़ा बेस टाटा मोटर्स का 'ARGOS' आर्किटेक्चर होने जा रहा है. आपको बता दें कि ARGOS का मतलब 'ऑल-टेरेन रेडी, ओम्नी-एनर्जी, एंड ज्योमेट्री स्केलेबल' है. यह एक ऐसा मॉडर्न प्लेटफॉर्म है जिसे अलग-अलग तरह के बॉडी स्टाइल और इंजन ऑप्शंस के लिए बेहद लचीला बनाया गया है. इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने से जीप को अपनी नई गाड़ी की डेवलपमेंट कॉस्ट (बनाने की लागत) को कम करने में मदद मिलेगी, जिससे इसकी कीमत भारतीय बाजार में काफी बजट में हो सकती है.
सिर्फ 8 रुपये में मिलेगी AC कैब, भारत में आ रही है सबसे सस्ती कैब सर्विस, दिल्ली-NCR में होगी शुरू
ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) प्लेटफॉर्म
कंपनी द्वारा टाटा के इस प्लेटफॉर्म को चुनने की सबसे बड़ी वजह यह है कि ARGOS आर्किटेक्चर आसानी से ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) सिस्टम को सपोर्ट करता है. जीप की इस नई SUV में ग्राहकों को कम से कम एक वेरिएंट ऐसा जरूर मिलेगा जो AWD तकनीक से लैस होगा. इसके साथ ही यह प्लेटफॉर्म पेट्रोल, हाइब्रिड और पूरी तरह से इलेक्ट्रिक (EV) तीनों ही वर्जन के लिए एकदम फिट बैठता है.
प्लेटफॉर्म टाटा का, लेकिन लुक जीप जैसा
भले ही इस गाड़ी के अंदरूनी हिस्से और चेसिस में Tata Sierra का डीएनए छुपा होगा, लेकिन इसका बाहरी और अंदरूनी डिजाइन पूरी तरह से जीप खुद तैयार करेगी. इस SUV का एक्सटीरियर, केबिन फीचर्स, सस्पेंशन सेटअप और ड्राइविंग ट्यूनिंग पूरी तरह से जीप के सिग्नेचर स्टाइल में देखने को मिलेंगे. इसलिए ग्राहकों को रोड पर चलते समय Jeep का वही पुराना रौबदार और रफ-एंड-टफ लुक देखने को मिलेगा, जो इस ब्रांड की पहचान है.
रिपोर्ट्स की मानें तो Tata Moters अपनी इस नई सहयोगी कंपनी को अपना मशहूर 1.5-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल (TGDi) इंजन सप्लाई कर सकती है. यह वही ताकतवर इंजन है जो टाटा सिएरा, हैरियर और सफारी जैसी बड़ी गाड़ियों को पावर देता है.
पुणे में होगा प्रोडक्शन, 2028 में ग्लोबल लॉन्च की तैयारी
इस नई और अनोखी SUV का निर्माण पुणे के पास रंजनगांव प्लांट में किया जाएगा, जो टाटा और स्टेलेंटिस का एक जॉइंट वेंचर फैसिलिटी है. साल 2028 में भारत में ग्लोबल डेब्यू करने के बाद इसे एशिया-पैसिफिक, अफ्रीका, मिडिल ईस्ट और साउथ अमेरिका जैसे बड़े बाजारों में एक्सपोर्ट किया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं