Hyundai, Mercedes या Volvo जैसी 6 दिग्गज कार कंपनियों ने अचानक अपनी 1 लाख 46 हजार से ज्यादा गाड़ियों को वापस बुलाने का फैसला किया है. इन गाड़ियों में सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी से लेकर एयरबैग और इंजन फेल होने जैसी गंभीर कमियां पाई गई हैं. आइए जानते हैं कि इस लिस्ट में कौन-कौन सी गाड़ियां शामिल हैं और इनमें क्या खराबी आई है.
दक्षिण कोरिया के परिवहन मंत्रालय ने एक बयान जारी कर इस रिकॉल की जानकारी दी. मंत्रालय के मुताबिक, छह प्रमुख कार कंपनियों Hyundai Motor, BYD Korea, Mercedes-Benz Korea, Volvo Car Korea, Jaguar Land Rover Korea और Stellantis Korea की कुल 1,46,505 गाड़ियों में खराब पार्ट्स पाए गए हैं. ये गाड़ियां 38 अलग-अलग मॉडल की हैं. इन सभी डिफेक्टिव कंपोनेंट्स को फ्रीम में ठीक करने के लिए कंपनियां इन्हें वापस बुला रही हैं.

Hyundai और BYD की कारों में क्या है दिक्कत?
Hyundai अपने सबसे पॉपुलर मॉडल Tucson समेत दो मॉडलों की 54,792 गाड़ियों को वापस बुला रही है. इन कारों के इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर कंट्रोल सिस्टम (डिस्प्ले स्क्रीन) में सॉफ्टवेयर की खराबी है, जिससे स्क्रीन अचानक बंद हो जाती है या टिमटिमाती है. वहीं, चीन की बड़ी EV कंपनी BYD अपनी SEALION 7 समेत छह मॉडलों की 18,091 गाड़ियां वापस ले रही है, क्योंकि इनमें सीट बेल्ट रिमाइंडर की चेतावनी स्क्रीन पर अन्य नोटिफिकेशन के कारण छिप जाती है.

Mercedes और Volvo में आई ये खराबी
लक्ज़री कार ब्रांड मर्सिडीज-बेंज (Mercedes-Benz) अपनी C 300 4MATIC मॉडल की 2,113 गाड़ियां वापस बुला रही है. इसके स्टीयरिंग व्हील के इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल सर्किट में ड्यूरेबिलिटी यानी मजबूती की समस्या आई है. दूसरी तरफ, वॉल्वो (Volvo) अपनी बेहद सुरक्षित मानी जाने वाली XC60 समेत सात मॉडलों की 55,405 गाड़ियों की जांच कर रही है. इन गाड़ियों के 48-वोल्ट स्टार्टर-जेनरेटर के एक पार्ट में खराबी देखी गई है, जिससे गाड़ी बीच रास्ते में बंद हो सकती है.

Jaguar Land Rover और Stellantis भी लिस्ट में
Jaguar Land Rover ने भी Defender 110 D240 समेत 21 मॉडलों की 14,373 गाड़ियों को रिकॉल किया है. इसके स्टीयरिंग व्हील के एयरबैग कनेक्टर में मजबूती की कमी पाई गई है, जो दुर्घटना के समय खतरनाक हो सकता है. स्टेलेंटिस (Stellantis) कंपनी अपनी '300C' मॉडल की 1,731 कारों को वापस बुला रही है, क्योंकि इसके हाई-प्रेशर फ्यूल पंप में खराबी है, जिसके कारण चलती गाड़ी का इंजन अचानक बंद हो सकता है.
बता दें, गाड़ियों में इस तरह की तकनीकी खराबी आना कोई पहली बात नहीं है. इससे पहले इसी साल अप्रैल के महीने में भी Hyundai, Kia, Toyota और केजी मोबिलिटी जैसी कंपनियों ने 5 लाख से ज्यादा गाड़ियों को वापस बुलाया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं