Hero MotoCorp एक नई और बेहद शक्तिशाली एडवेंचर मोटरसाइकिल पर काम कर रही है, जिसे 'Hero Xpulse 421' नाम दिया गया है. इस धांसू बाइक को दुनिया के सबसे ऊंचे और खतरनाक मोटरेबल रास्तों में से एक, लद्दाख के खारदुंग-ला (Khardung-La) पास पर टेस्टिंग करते हुए देखा गया है. सबसे मजेदार बात यह है कि इस टेस्ट राइड के दौरान इसके साथ ब्रांड की Dakar Rally वाली बाइक और नई Xpulse 210 भी मौजूद थीं.
खतरनाक रास्तों पर क्यों हो रही है टेस्टिंग?
लद्दाख जैसे कठिन पहाड़ों के ऐसे रास्तों पर टेस्टिंग करने से इंजीनियरों को यह समझने में आसानी होती है कि कम ऑक्सीजन, खड़ी चढ़ाई और अचानक बदलने वाले मौसम में बाइक का इंजन कैसा परफॉर्म करता है. इसके साथ ही गाड़ी के सस्पेंशन की मजबूती और इंजन की कूलिंग एफिशिएंसी का भी कड़ा इम्तिहान हो जाता है.
कैसा है नई Hero Xpulse 421 का डिजाइन?
लद्दाख में जो बाइक देखी गई है, वह पूरी तरह से कवर थी लेकिन फिर भी इसके कई जरूरी डिजाइन फीचर्स सामने आ गए हैं. इस बाइक का स्टांस एक प्रॉपर एडवेंचर-टूरर बाइक जैसा है, जिसे लंबी दूरी के सफर के लिए बेहद आरामदायक बनाया गया है. बाइक में एक लंबी विंडस्क्रीन, हैंड गार्ड्स, एक लंबी सिंगल-पीस सीट, वायर-स्पोक व्हील्स और लंबे ट्रेवल वाले सस्पेंशन साफ देखे जा सकते हैं. इसके अलावा पीछे की तरफ सामान रखने के लिए लगेज रैक और ऊपर की तरफ मुड़ा हुआ साइलेंसर इसके ऑफ-रोड लुक को और ज्यादा दमदार बनाता है.
बाइक के कॉकपिट एरिया यानी हैंडल के पास एक बड़ा TFT डिस्प्ले दिया गया है. इस बड़े डिस्प्ले में ग्राहकों को टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और स्मार्टफोन से जुड़े कई आधुनिक फीचर्स मिलने की पूरी उम्मीद है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें हीरो मोटोकॉर्प द्वारा खुद तैयार किया जा रहा 421cc का सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलेगा. यह इंजन 40 से 45 हॉर्सपावर (hp) की ताकत जेनरेट करेगा. इस पावर के साथ यह बाइक सीधे तौर पर रॉयल एनफील्ड हिमालयन 450 (Himalayan 450) और केटीएम 390 एडवेंचर (KTM 390 Adventure) को कड़ी टक्कर देगी.
हीरो मोटोकॉर्प ने सबसे पहले इस बड़ी एडवेंचर बाइक के स्केच EICMA 2024 में दिखाए थे. माना जा रहा है कि इस साल के अंत में होने वाले EICMA शो में इसका ग्लोबल डेब्यू हो सकता है, जिसके बाद साल 2027 के शुरुआती महीनों में इसे भारतीय बाजार में आधिकारिक तौर पर बिक्री के लिए लॉन्च किया जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं