विज्ञापन

BMW की सबसे सस्ती एडवेंचर बाइक खरीदने का सपना टूटा, कंपनी ने अचानक रोक दी बुकिंग, जानें वजह

BMW Motorrad ने भारत में अपनी सबसे सस्ती एडवेंचर बाइक BMW F 450 GS की नई बुकिंग्स को अस्थाई रूप से रोक दिया है. लॉन्च के केवल दो महीने के भीतर ही पहला लॉट पूरी तरह सोल्ड आउट हो चुका है. जानें कब शुरू होगी अगली बुकिंग और कितना है वेटिंग पीरियड.

BMW की सबसे सस्ती एडवेंचर बाइक खरीदने का सपना टूटा, कंपनी ने अचानक रोक दी बुकिंग, जानें वजह
BMW F 450 GS की दीवानगी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, अब तरसेंगे लोग

BMW Motorrad ने अपनी सबसे नई और सबसे किफायती एडवेंचर मोटरसाइकिल BMW F 450 GS की फ्रेश बुकिंग्स पर अस्थाई रूप से रोक लगा दी है. अप्रैल 2026 में लॉन्च हुई इस बाइक ने मार्केट में आते ही धूम मचा दी थी. लेकिन लॉन्चिंग के महज दो महीने के भीतर ही इस बाइक का स्टॉक खतम हो गया. डीलर सोर्सेज के मुताबिक भारत के लिए तय किए गए पहले बैच के सभी यूनिट्स पूरी तरह से बुक हो चुके हैं.

क्यों बंद करनी पड़ी बुकिंग्स?

BMW F 450 GS को लेकर जैसा रिस्पॉन्स मिला है उसकी उम्मीद खुद कंपनी को भी नहीं थी. क्योंकि भारत को अलॉट की गई बाइक्स की संख्या डिमांड के मुकाबले काफी कम पड़ गई है. जब तक अगला एलोकेशन साइकिल यानी नया स्टॉक अलॉट नहीं होता तब तक नए ऑर्डर्स नहीं लिए जाएंगे. हालांकि कंपनी की तरफ से इस पर कोई ऑफिशियल बयान नहीं आया है लेकिन शोरूम्स ने नए ग्राहकों से एडवांस पेमेंट लेना बंद कर दिया है.

रिपोर्ट्स की मानें तो BMW F 450 GS के 'Base' और 'Exclusive' वेरिएंट्स के लिए बुकिंग विंडो जुलाई 2026 के बाद दोबारा खुल सकती है. वहीं, अगर आपकी नजर इसके टॉप-स्पेक 'GS Trophy' वेरिएंट पर है तो आपको लंबा इंतजार करना पड़ेगा. इस वेरिएंट के लिए अगली बुकिंग सितंबर 2026 के बाद ही शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है.

वेरिएंट्स और वेटिंग पीरियड का गणित

यह बाइक मुख्य रूप से तीन वेरिएंट्स - Base, Exclusive और GS Trophy में आती है. फिलहाल यह तीनों ही वेरिएंट्स पूरी तरह सोल्ड आउट हैं. जिन ग्राहकों ने शुरुआती फेज में अपनी बाइक बुक कर ली थी उन्हें भी डिलीवरी के लिए करीब 3 से 4 महीने का वेटिंग पीरियड दिया जा रहा है. दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में यह वेटिंग पीरियड थोड़ा और ज्यादा भी हो सकता है. अभी सड़कों पर यह बाइक भारी तादाद में नहीं उतरी है इसलिए पहली डिलीवरी शुरू होने के बाद ही सही टाइमलाइन साफ हो पाएगी.

Pulsar N250 के खतरनाक इंजन के साथ आ रही Bajaj Adventure बाइक! कीमत जान आज ही बुकिंग करने का करेगा मन

इस बाइक के क्यों दीवाने हुए लोग? 

आखिर इस बाइक में ऐसा क्या है जो लोग इसे हाथों-हाथ खरीद रहे हैं? इसकी सबसे बड़ी वजह है इसका इंजन और परफॉर्मेंस. इसमें नया 450cc का पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है जो करीब 48 bhp की दमदार पावर जेनरेट करता है. 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आने वाली इस बाइक का वजन सिर्फ 178 किलोग्राम है. इसमें लॉन्ग-ट्रैवल सस्पेंशन, मल्टीपल राइडिंग मोड्स, ट्रैक्शन कंट्रोल, ड्यूल-चैनल ABS और एक शानदार TFT डिस्प्ले जैसे फीचर्स मिलते हैं.

इस बाइक की सफलता के पीछे एक और बड़ा कारण इसका 'मेड इन इंडिया' होना है. इस ग्लोबल एडवेंचर बाइक का प्रोडक्शन भारत में TVS Motor Company द्वारा किया जा रहा है. लोकल मैन्युफैक्चरिंग की वजह से BMW इसके फीचर्स और ब्रैंड वैल्यू को बनाए रखते हुए बेहद आक्रामक कीमत पर लॉन्च करने में कामयाब रही. यही वजह है कि बजट में प्रीमियम एडवेंचर का मजा लेने के लिए राइडर्स ने बिना सोचे इसकी सारी यूनिट्स बुक कर लीं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
BMW F 450 GS
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com