बजाज ऑटो (Bajaj Auto) जल्द ही इलेक्ट्रिक बाइक लाएगी. इस बात की जानकारी खुद कंपनी ने दी है. कंपनी के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर दिनेश थापर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भारत में इसे पेश करने से पहले इंटरनेशनल मार्केट पर सबसे पहले फोकस किया जाएगा. थापर ने कहा कि कंपनी आने वाली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल के लिए विदेशी बाजारों को प्राथमिकता दे रही है. यह घरेलू स्तर पर अपनी पेशकश का विस्तार करने से पहले ग्लोबल इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) मार्केट में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की बजाज ऑटो की रणनीति को दिखाता है.
बताया गया है कि बजाज ऑटो इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल को फाइनेंशियल ईयर 2028 में लॉन्च करने की योजना बना रही है. हालांकि यह स इंटरनेशनल मार्केट में पहले लॉन्च किया जाएगा.
अपने EV बिजनेस की बेहतर होती इकोनॉमिक्स पर जोर देते हुए थापर ने कहा कि बजाज ऑटो के इलेक्ट्रिक बिजनेस ने डबल-डिजिट EBITDA मार्जिन हासिल किया है. उन्होंने कहा कि कंपनी का इलेक्ट्रिक स्कूटर बिजनेस अब EBITDA-पॉजिटिव है, जो स्केल बढ़ने के साथ इसके EV ऑपरेशंस की प्रॉफिटेबिलिटी को दिखाता है.
चेतक के लिए शानदार तिमाही
बजाज ऑटो ने अपने चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर के लिए एक रिकॉर्ड तिमाही दर्ज की, जिसमें ब्रांड ने अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री और वॉल्यूम हासिल किया. कंपनी ने इस तिमाही में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर (E2W) और इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर (E3W) कैटेगरी में 1.5 लाख से ज्यादा इलेक्ट्रिक व्हीकल डिलीवर किए, जो डबल-डिजिट वॉल्यूम ग्रोथ को दिखाता है. बजाज ऑटो अपने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बिज़नेस में अपने मुख्य चेतक स्कूटर का प्रोडक्शन भी बढ़ा रही है. कंपनी की योजना अगले दो महीनों में चेतक की मंथली प्रोडक्शन क्षमता को 50,000 यूनिट से बढ़ाकर 60,000 यूनिट करने की है.
थापर ने कहा कि चेतक की मांग सप्लाई से ज़्यादा हो गई है, इसलिए कंपनी ग्राहकों की मांग को पूरा करने के लिए क्षमता बढ़ाने का काम तेज़ कर रही है.
बजाज की नई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल कई कंपनियों को कड़ी टक्कर देंगे. जिसमें Hero Vida, Revolt और Honda के आगामी ईवी मॉडल्स के साथ भी सीधा मुकाबला करेगी.
इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर प्रोडक्शन क्षमता का होगा विस्तार
थापर ने कहा कि बजाज ऑटो ने भारत के इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर सेगमेंट में मार्केट लीडर के तौर पर तिमाही खत्म की और उसे उम्मीद है कि तीसरी और चौथी तिमाही में वह अपनी मार्केट हिस्सेदारी और बढ़ाएगी. बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कंपनी इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर प्रोडक्शन क्षमता में 50% विस्तार की योजना भी बना रही है.
अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए, बजाज ऑटो इस फाइनेंशियल ईयर में अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को 20% बढ़ाने की योजना बना रही है.
कंपनी अगले तीन से चार महीनों में क्षमता को 10% बढ़ाएगी और उसके बाद मौजूदा फाइनेंशियल ईयर के आखिर तक 10% और विस्तार करेगी.
यह भी पढ़ेंः मारुति की कारें 30,000 रुपए तक महंगी होने वाली हैं, इस तारीख से पहले खरीद लें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं