Mercedes-Benz ने अपनी सबसे आलीशान सेडान कार S-Class का पहला प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) मॉडल भारत में लॉन्च कर दिया है. 'S 450 e Launch Edition' नाम से आई यह कार इस जनरेशन का सबसे बड़ा अपडेट है जिसमें कंपनी ने 2,700 से ज्यादा नए और बदले हुए पार्ट्स का इस्तेमाल किया है. सुरक्षा के मामले में इसमें 15 एयरबैग दिए गए हैं. आइए जानते हैं इस करोड़ों की लग्जरी कार की कीमत और इसके फीचर्स.
कितनी है इस आलीशान कार की कीमत?
Mercedes-Benz S-Class के इस नए प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल (S 450 e Launch Edition) की भारत में एक्स-शोरूम कीमत ₹2.20 करोड़ से शुरू होती है. इसके साथ ही कंपनी ने इसका एक और भी ज्यादा प्रीमियम 'Manufaktur Edition' भी पेश किया है जिसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹2.38 करोड़ तय की गई है. मर्सिडीज ने इस कार के लिए बुकिंग शुरू कर दी है और इसकी डिलीवरी इस साल के आखिर महीनों से शुरू कर दी जाएगी.
Toyota का 'पानी पर दौड़ने वाला ट्रक' जल्द आ रहा है भारत! लुक ऐसा कि देखते ही हो जाएंगे दीवाने
हाइब्रिड इंजन की बेमिसाल ताकत
इस नई कार में 3.0-लीटर का M256 Evo इनलाइन-सिक्स टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है. यह इंजन अकेले 326 HP की पावर और 540 Nm का टॉर्क बनाता है. लेकिन इसके साथ ही इसमें एक 120 kW की इलेक्ट्रिक मोटर भी जोड़ी गई है जो इंजन और 9-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के बीच फिट है. दोनों मिलकर इस कार को 435 HP की जबरदस्त ताकत और 680 Nm का भारी-भरकम टॉर्क देते हैं जो इसे पुराने पेट्रोल मॉडल से भी ज्यादा पावरफुल बनाता है.
बिना पेट्रोल के 115 KM की रेंज
इस कार में 22 kWh की लिथियम-आयन बैटरी दी गई है जो सिर्फ इलेक्ट्रिक मोड पर करीब 115 किलोमीटर की ड्राइविंग रेंज (WLTP) देती है. इसका मतलब है कि आप शहर के अंदर बिना पेट्रोल का इस्तेमाल किए सिर्फ बैटरी पर ही अपनी रोजाना की ड्राइविंग पूरी कर सकते हैं. रफ्तार के मामले में भी यह बेजोड़ है. यह कार महज 5.7 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 250 किमी प्रति घंटा है.
600 मीटर दूर तक देखेगी इसकी आंखें
डिजाइन की बात करें तो इसके फ्रंट में नई ट्विन-स्टार डिजिटल लाइट हेडलैंप्स दी गई हैं जो माइक्रो-एलईडी तकनीक से लैस हैं. इसकी लाइट रेंज इतनी शानदार है कि यह रात के अंधेरे में सड़क पर 600 मीटर आगे तक रोशनी फेंक सकती है. इसके अलावा कार की फ्रंट ग्रिल को पहले से 20 प्रतिशत बड़ा किया गया है जो अब रात में जगमगाती है.
Honda कारों पर मिल रही है ₹2.15 लाख की छप्परफाड़ छूट, June के बाद नहीं मिलेगा मौका!
AI फीचर्स और सुपर सेफ्टी
कार के अंदर कदम रखते ही आपको मर्सिडीज का हाई-टेक 'MBUX Superscreen' डैशबोर्ड दिखाई देगा. यह सिस्टम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर बेस्ड वर्चुअल असिस्टेंट के साथ आता है जिससे आप इंसानों की तरह बात कर सकते हैं. इसमें गूगल मैप्स पर बेस्ड सराउंड नेविगेशन भी दिया गया है. सुरक्षा के मामले में कंपनी ने कोई कसर नहीं छोड़ी है. इसमें अडैप्टिव रिस्ट्रेंट सिस्टम के साथ कार के अंदर कुल 15 एयरबैग दिए गए हैं जो पैसेंजर्स को चारों तरफ से सुरक्षित रखते हैं.
सड़क के गड्ढों को पहले ही भांप लेती है कार
इस कार में एयरमैटिक एयर सस्पेंशन स्टैंडर्ड दिया गया है. इसकी सबसे जादुई बात यह है कि यह कार 'क्लाउड टेक्नोलॉजी' के जरिए सड़क पर चल रही दूसरी मर्सिडीज कारों से डेटा लेती है. इस डेटा की मदद से कार को रास्ते में आने वाले गड्ढों या स्पीड ब्रेकर का पहले ही पता चल जाता है और यह अपने सस्पेंशन को उसी हिसाब से एडजस्ट कर लेती है ताकि अंदर बैठे लोगों को झटका न लगे. इसके अलावा इसमें रियर-एक्सल स्टीयरिंग भी दी गई है जिससे इतनी बड़ी कार को छोटे रास्तों पर भी आसानी से मोड़ा जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं