इंडियन ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री ने मई 2026 में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है. इस महीने भी बाकी महीनों की तरह ही लाखों में गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन और बिक्री हुई. मई 2026 में ऑटो रिटेल बिक्री 5.5 प्रतिशत बढ़ी. वहीं, इलेक्ट्रिक वाहनों यानी EV की रजिस्ट्रेशन में 41 प्रतिशत का उछाल आया. मई 2026 में कुल वाहन रजिस्ट्रेशन लगभग 24.4 लाख यूनिट तक पहुंच गए. इसमें दोपहिया वाहन, यात्री वाहन, तीनपहिया वाहन, कमर्शियल वाहन और ट्रैक्टर सभी गाड़ियां शामिल हैं. पिछले साल मई में यह आंकड़ा लगभग 23.2 लाख यूनिट था. यानी एक साल में करीब 1.2 लाख अतिरिक्त वाहन बिके.
Google का हैरान करने वाला मिशन: अमेरिका में छोड़े जाएंगे 6.4 करोड़ मच्छर, लेकिन क्यों?
हालांकि मासिक आधार (MoM) पर बिक्री में गिरावट देखने को मिली. अप्रैल 2026 में कुल 27.2 लाख वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ था, जबकि मई 2026 में यह संख्या घटकर 24.4 लाख यूनिट रह गई यानी एक महीने में वाहन रजिस्ट्रेशन में लगभग 10.1 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई. यहां जानिए हर कंपनी की लिस्ट, आखिर मई महीने में किस ब्रांड ने कितनी गाड़ियां बेची.
Mahindra & Mahindra वाहनों की बिक्री

Mahindra & Mahindra ने मई 2026 में कुल 99,636 वाहनों की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक है. कंपनी ने मई 2026 में घरेलू बाजार में 58,021 यूटिलिटी वाहनों की बिक्री की, जो सालाना आधार पर 11 प्रतिशत ज्यादा है. वहीं, निर्यात को शामिल करने पर यूटिलिटी व्हीकल्स की कुल बिक्री 59,573 यूनिट रही. मई 2026 में महिंद्रा की घरेलू कमर्शियल वाहन बिक्री 24,079 यूनिट रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक है.
Hyundai की सेल भी बढ़ी

Hyundai Motor India ने मई 2026 में घरेलू बाजार में कुल 47,837 वाहनों की बिक्री की. यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में 9.1 प्रतिशत अधिक है. अगर निर्यात को शामिल किया जाए तो Hyundai की कुल बिक्री 61,137 यूनिट रही. इसमें 13,300 यूनिट का निर्यात शामिल है. कुल बिक्री के आधार पर कंपनी ने सालाना आधार पर 4.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है. Hyundai की लोकप्रिय SUVs और प्रीमियम मॉडल्स की मांग लगातार बनी हुई है.
Maruti Suzuki की मई 2026 में शानदार बिक्री

Maruti Suzuki ने मई 2026 में कुल 2.42 लाख वाहनों की बिक्री की, जो पिछले साल की तुलना में 35 प्रतिशत अधिक है. मई 2026 के दौरान Maruti Suzuki की घरेलू बिक्री लगभग 2 लाख यूनिट रही. छोटे शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी Maruti Suzuki के वाहनों की अच्छी बिक्री देखने को मिल रही है. आसान फाइनेंसिंग विकल्प, बेहतर माइलेज और मजबूत सर्विस नेटवर्क ग्राहकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. मई 2026 में कंपनी ने कुल 41,914 वाहनों का निर्यात किया. मई 2026 के आंकड़ों में सबसे बड़ी खासियत पैसेंजर कार सेगमेंट की शानदार वृद्धि रही. कंपनी ने इस कैटेगरी में कुल 97,830 वाहनों की बिक्री की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 42 प्रतिशत अधिक है.
TVS ने मई 2026 बेचे 5.70 लाख वाहन

TVS Motor Company ने मई 2026 में शानदार बिक्री की. कंपनी ने इस दौरान कुल 5.70 लाख वाहनों की बिक्री की, जो पिछले साल की तुलना में 31 प्रतिशत अधिक है. मई 2026 में TVS Motor की कुल दोपहिया वाहन बिक्री 5.43 लाख यूनिट रही. यह पिछले वर्ष की तुलना में 31 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि को दर्शाती है. कंपनी की पॉपुलर मोटरसाइकिलें जैसे TVS Apache और TVS Raider काफी लोकप्रिय रही. मई 2026 में TVS की स्कूटर बिक्री 2.20 लाख यूनिट तक पहुंच गई, जो सालाना आधार पर 32 प्रतिशत अधिक है. मई 2026 में कंपनी ने 43,632 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 56 प्रतिशत अधिक है. मई 2026 में कंपनी का कुल निर्यात 1.75 लाख यूनिट रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 49 प्रतिशत अधिक है. मई 2026 में TVS Motor की तिपहिया वाहन (3W) बिक्री 23,474 यूनिट रही. यह पिछले वर्ष की तुलना में 55 प्रतिशत की शानदार वृद्धि है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं