विज्ञापन
This Article is From May 02, 2016

वाम मोर्चा, तृणमूल कांग्रेस शासन के बीच कोई अंतर नहीं : राजनाथ

वाम मोर्चा, तृणमूल कांग्रेस शासन के बीच कोई अंतर नहीं : राजनाथ
राजनाथ सिंह (फाइल फोटो)
कूच बिहार (पश्चिम बंगाल): केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह रविवार को तृणमूल कांग्रेस और वाम मोर्चा पर जमकर बरसे और कहा कि दोनों शासनों के बीच कोई अंतर नहीं है। सिंह ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस परिवर्तन के वादे के साथ पांच साल पहले सत्ता में आई थी लेकिन पश्चिम बंगाल ने कोई बदलाव नहीं देखा क्योंकि कानून व्यवस्था खराब होती जा रही है।

मां, माटी, मानुष सुरक्षित नहीं
उन्होंने दावा किया कि इससे पहले वाम मोर्चा लोगों पर हमले किया करता था और अब तृणमूल कांग्रेस यही चीज कर रही है। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कूच बिहार में एक चुनाव सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘मां, माटी, मानुष इस राज्य में सुरक्षित नहीं है।’ वहां आखिरी चरण में पांच मई को मतदान होगा।

लोकतंत्र में लोगों की सुरक्षा कर्तव्य
हालांकि, राजनाथ ने कहा कि चीजें बदलेंगी। उन्होंने कहा, ‘लोकतंत्र के तहत लोगों को सुरक्षित रखना हमारा कर्तव्य है।’ उन्होंने कहा कि यदि लोग राज्य में भाजपा को सत्ता में लाते हैं तो यह मौजूदा बम निर्माण उद्योग को बंद कर देगी। सिंह ने लोगों से अपने इलाकों में पेयजल, स्कूल, शिक्षक, अस्पताल, चिकित्सक या दवाओं की उपलब्धता के बारे में पूछा जिसका लोगों ने नकारात्मक जवाब दिया।

‘केरल में लड़ाई और बंगाल में सगाई’
इस पर सिंह ने कहा, ‘क्या आप आगे भी ऐसी सरकार चाहते हैं? हम इस स्थिति को बदलना चाहते हैं।’ उन्होंने अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर सौदा घोटाले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के शीर्ष नेता इसमें शामिल थे और वाम मोर्चा ने इस पार्टी के साथ गठबंधन किया। उन्होंने गठबंधन की खिल्ली उड़ाते हुए कहा, ‘केरल में लड़ाई और बंगाल में सगाई।’ उन्होंने दावा किया कि इन दोनों ने राजनीति के लिए नहीं बल्कि सत्ता हासिल करने के लिए हाथ मिलाया है।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, तृणमूल कांग्रेस, वाम मोर्चा, भाजपा, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2016, Rajnath Singh, Trinmool Congress, Left Front, BJP, West Bengal Assembly Elections 2016