विज्ञापन
This Article is From Nov 11, 2013

अरविंद केजरीवाल की 'आम आदमी पार्टी' के विदेशी चंदे के स्रोत की जांच

अरविंद केजरीवाल की 'आम आदमी पार्टी' के विदेशी चंदे के स्रोत की जांच
अरविंद केजरीवाल की फाइल तस्वीर
नई दिल्ली:

केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा है कि सरकार आम आदमी पार्टी (आप) को विदेश से प्राप्त चंदे के स्रोत की जांच कर रही है। शिंदे ने कहा, हमें 'आप' को विदेश से धन मिलने की शिकायत मिली है और हम इसकी जांच कर रहे हैं। जांच में समय लगता है और हम धन के स्रोत का पता लगा रहे हैं।

इधर, अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कोष की भी जांच होनी चाहिए। 'आप' नेता कुमार विश्वास ने सरकार को चुनौती दी है कि वह 'आप' को दोषी सिद्ध करके दिखाए।

उन्होंने कहा, हमारे खिलाफ आरोप लगाने का कोई आधार नहीं है। मैं कांग्रेस और भाजपा दोनों को चुनौती देता हूं कि वे हमें दोषी साबित करें। हमें सारे धन पारदर्शी तरीके से मिले हैं। दोनों पार्टियां हमसे डरी हुई हैं।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी को समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से 19 करोड़ रुपये का चंदा मिल चुका है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और आर्थिक मामलों के प्रभारी पंकज गुप्ता ने बताया, समाज के विभिन्न वर्गों के करीब 63,000 लोगों से हमने 19 करोड़ रुपये का चंदा एकत्र किया है। पार्टी का दावा है कि उसे दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ने और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने के लिए रिक्शा चालकों से लेकर व्यापारियों और उद्योगपतियों तक से 10 रुपये से लाखों रूपये तक का चंदा मिला है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
अरविंद केजरीवाल, आम आदमी पार्टी, विदेशी चंदा, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2013, कांग्रेस, भाजपा, सुशील शिंदे, Arvind Kejriwal, Aam Aadmi Party, Delhi Assembly Elections 2013, Assembly Polls 2013