सोशल मीडिया पर वायरल होने और फेमस होने का भूत सवार कई लोगों के लिए जानलेवा भी साबित हो सकता है. कई लोग ज्यादा लाइक और व्यू के चलते ऐसी गलती कर बैठते हैं, जिससे उनकी जान तक चली जाती है. ऐसे ही एक मामला उत्तर प्रदेश के कानपुर से सामने आया है. जहां एक महिला इंस्टाग्राम पर रील बनाने के लिए फांसी लगाने का नाटक कर रही थी और एक छोटी सी गलती से उसकी जान चली गई.
यह भी पढ़ें:- 'एक छोटी सी गलती, जान को खतरा', बच्चे के मुंह में फटी फोन की बैटरी, CCTV में कैद हुआ हादसा, Video Viral
दरअसल, कानपुर के बांदा जिले के बाबेरू कस्बे के करुइया पुरवा में इंस्टाग्राम रील बनाते समय 27 साल की एक महिला की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, महिला वीडियो में फांसी लगाने का नाटक कर रही थी, लेकिन इसी दौरान फंदा सच में उसकी गर्दन पर कस गया और वह खुद को बचा नहीं सकी. महिला का नाम मोहिनी था. परिवार के लोगों ने बताया कि मोहिनी को सोशल मीडिया पर रील बनाना बहुत पसंद था.
रील बनाते समय गई जान
परिवार के अनुसार, 6 फरवरी की शाम मोहिनी अपने कमरे में मोबाइल से एक रील बना रही थी. वह रील में फांसी लगाने का सीन कर रही थी. इसके लिए उसने छत के हुक पर रस्सी बांधी, एक स्टूल पर खड़ी हुई और रस्सी को अपनी गर्दन में डालकर एक्टिंग करने लगी. रील बनाते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया या पैर फिसल गया. जब उसके पैर स्टूल से उतर गए तो मजाक में किया जा रहा सीन सच में फांसी जैसा बन गया और कुछ ही सेकंड में उसकी मौत हो गई.
यह घटना तब सामने आई जब उसकी 4 साल की बेटी कमरे में आई और अपनी मां को फंदे से लटका देखा. बच्ची जोर से रोने लगी, जिसके बाद आसपास के लोग और परिवार के सदस्य कमरे में दौड़कर पहुंचे. शुरुआत में परिवार को लगा कि मोहिनी ने खुदकुशी की है, लेकिन बाद में जांच में पता चला कि वह रील बना रही थी, तभी यह हादसा हो गया. सूचना मिलते ही बाबेरू पुलिस स्टेशन की टीम और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. एसपी पलाश बंसल ने कहा, “शुरुआती जांच में यह मामला रील बनाते समय हुए हादसे जैसा लग रहा है. पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है”
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं