Viral Video: सात देश घूम चुके भारतीय ट्रैवल ब्लॉगर सरफराज जैन (Sarfaraz Zain) ने हाल ही में 'X' पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वे दावा कर रहे हैं कि वाराणसी एक्सप्रेस ट्रेन (Varanasi Express Train) में उन्हें 80 रुपये वाली स्टैंडर्ड वेज थाली के लिए 140 रुपये चुकाने पड़े. जैन बताते हैं कि जब उन्होंने इसकी शिकायत की तो कैटरिंग वेंडर ने उनके पास आकर बदतमीजी की और सिर्फ 10 रुपये लौटाकर अकड़ में वहां से चला गया.
'शिकायत करनी है तो कर दो'
जैने ने कहा, '80 रुपये वाली थाली के 140 रुपये सिर्फ मुझसे ही नहीं, बल्कि कई अन्य यात्रियों से भी वसूले गए. ज्यादा पैसे देने के बावजूद खाने की क्वालिटी खराब थी और क्वांटिटी भी कम थी. जब मैंने वेंडर से बिल मांगा और इस ओवरचार्जिंग का विरोध किया, तो 'शिकायत करनी है तो कर दो' कहकर कैटरिंग स्टाफ वहां से चला गया.' जैन ने कहा कि ये एक गंभीर अनियमितता है और इसकी जांच जरूर होनी चाहिए.
ट्रेन 14624 S G VARANASI EXP में catering staff द्वारा यात्रियों से ₹80 की Standard Thali के बदले ₹140 वसूले गए। मुझसे भी ₹140 लिए गए और कई अन्य यात्रियों से भी यही राशि वसूली गई।
— Sarfaraz Zain (@SarfarazZain01) August 17, 2026
इसके बावजूद खाने की quality खराब थी और निर्धारित quantity भी पूरी नहीं थी। जब मैंने बिल मांगा और… pic.twitter.com/ZcdhAlYFmQ
'मेरे पास सारे सबूत मौजूद हैं'
अब जैन ने इस घटना का वीडियो एक्स पर पोस्ट करते हुए रेलवे अधिकारियों से 14624 S G VARANASI EXP में चल रही इस धांधली की जांच करने की मांग की है. वीडियो में आरोपी वेंडर का चेहरा साफ नजर आ रहा है और 140 रुपये मांगने की बात की साफ तौर पर सुनाई दे रही है. जैन ने उस वेंडर के बिलिंग रिकॉर्ड चेक करने, खाने की क्वालिटी और क्वांटिटी की जांच करने, स्टाफ द्वारा यात्रियों से दुर्व्यवहार करने वाले वेंडर पर कार्रवाई की मांग की है. जैन ने कहा है कि उनके पास घटना से संबंधित सभी सबूत हैं, अगर जरूरत पड़ी तो वो उन्हें प्रस्तुत कर सकते हैं.
IRCTC ने दिया कॉमन जवाब
वीडियो को देखने के बाद IRCTC की तरह से कमेंट बॉक्स में रिप्लाई दिया गया है. उन्होंने जैन को बताया, 'आपकी शिकायत RailMadad पर दर्ज कर ली गई है और शिकायत नंबर आपके मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए भेज दिया गया है. आप इस लिंक के जरिए अपनी शिकायत को ट्रैक कर सकते हैं. इस मामले की जांच के लिए इसे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जा रहा है.'
क्या कहते हैं रेलवे के नियम?
भारतीय रेलवे का स्पष्ट नियम है कि यदि कोई वेंडर आपको वैध कंप्यूटरीकृत बिल देने से मना करता है, तो आप भुगतान रोकने का अधिकार रखते हैं. आईआरसीटीसी के मेन्यू कार्ड के अनुसार ही, ट्रेन के अंदर स्टैंडर्ड वेज कैसरोल मील का तय दाम 80 रुपये है. रेलवे के नियमों के मुताबिक, इस प्रकार की गंभीर अनियमितता सिद्ध होने पर संबंधित ठेकेदार पर 1 लाख रुपये तक का भारी जुर्माना लगाया जा सकता है या बार-बार शिकायत आने पर उसे ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें:- दिल्ली छोड़ मनाली बसने का फैसला पड़ा भारी? 2 महीने बाद लौटे Gen Z ने बताई हकीकत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं