Viral Video: समुद्र की लहरें पल भर में सब कुछ तबाह कर देने की ताकत रखती हैं. कैलिफोर्निया के सांता क्रूज स्थित सीब्राइट स्टेट बीच (Seabright State Beach) पर शनिवार की दोपहर कुछ ऐसा ही खौफनाक नजारा देखने को मिला. लेकिन इस डरावने मंजर के बीच एक युवा लाइफगार्ड की बहादुरी ने सबका दिल जीत लिया. फोटोग्राफर स्कॉट वेंडर डुसेन (Scott Vander Dussen) ने इस पूरे रेस्क्यू का वीडियो शूट करके अपने इंस्टाग्राम अकाउंट (santacruznow) से शेयर किया है, जिसे देखकर हर किसी के मुंह से एक ही शब्द निकल रहा है- 'WoW...'
'मैंने ऐसा नजारा पहले कभी नहीं देखा'
सैन फ्रांसिस्को क्रॉनिकल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार की दोपहर जब सीब्राइट बीच पर लोग पानी में मस्ती कर रहे थे, तभी अचानक समुद्र की लहरें भयानक रूप लेने लगीं और किनारे पर जबरदस्त ताकत से टकराने लगीं. इसी उथल-पुथल के बीच, लगभग 10 साल का एक बच्चा इन खतरनाक लहरों में फंस गया. तभी वहां एक रूकी (Rookie) लाइफगार्ड, जो इस नौकरी में अपने पहले ही साल में था और उम्र में महज एक टीनएजर है, अपनी जान की परवाह किए बिना उन खौफनाक लहरों में कूद पड़ा.
फोटोग्राफर स्कॉट बताते हैं, 'जब लहरें किनारे से टकराने लगीं, तो उनकी आवाज इतनी भयानक थी कि सब सहम गए. जब लोगों ने लाइफगार्ड को दौड़ते हुए देखा, तो पूरा बीच उसी तरफ देखने लगा. मैंने ऐसा नजारा पहले कभी नहीं देखा. पानी पल भर में ऐसे खाली हो गया जैसे किसी ने चिल्लाया हो - शार्क!'
10 फीट ऊंची लहरों से भी नहीं घबराया लाइफगार्ड
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे लाइफगार्ड दौड़कर बच्चे को बचाने पहुंचता है. उसे कसकर पकड़ता है. तभी करीब 10 फुट ऊंची लहर उससे आकर टकरा जाती है और दोनों को अपने आगोश में ले लेती है. लेकिन लाइफगार्ड बच्चे को पकड़े रखता है और उन लहरों का डटकर सामना करके उसे वहां से निकाल लाता है.
स्कॉट के अनुसार, 'ज्यादातर लोग नहीं समझ पाए कि लाइफगार्ड क्या कर रहा था. लहरें इतनी तेज थीं कि आगे बढ़ने का मौका सिर्फ कुछ सेकंड के लिए मिलता था, बाकी समय लाइफगार्ड का काम सिर्फ अपनी जगह पर टिके रहना और लहरों का वार सहना था. अंततः, एक अन्य लाइफगार्ड की मदद से उस बच्चे को पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. थका हुआ लेकिन सुरक्षित, वह बच्चा फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स से मेडिकल क्लीयरेंस मिलने के बाद अपने माता-पिता के पास लौट आया.'
IMD ने बताया - क्यों उग्र हुआ है समंदर?
नेशनल वेदर सर्विस ने 1 अगस्त तक समुद्र तटों (Beach) पर जाने वालों के लिए खतरे की चेतावनी जारी की है. न्यूजीलैंड और हवाई (Hawaii) के पास समंदर में बड़े तूफान आए हैं. भले ही ये तूफान कैलिफोर्निया से काफी दूर हैं, लेकिन वहां उठने वाले तूफानों की ताकतवर लहरें सफर करते हुए कैलिफोर्निया के तटों तक पहुंच रही हैं और यहां आकर बेहद खतरनाक रूप ले रही हैं. इसके साथ ही, अल नीनो (El Nino) का असर भी देखने को मिल रहा है. समंदर के इस गर्म पानी ने इन तूफानों को और ज्यादा ताकत दे दी है. यही वजह है कि मौसम विभाग ने दक्षिणी कैलिफोर्निया के समुद्री तटों पर बहुत ऊंची लहरें उठने की सख्त जारी की है.
🚨Beach Hazards Statement extended through Saturday evening, that combined w/ warmer temperatures creates the potential for increasing water rescues. Don't put yourself in a position that requires being rescued. Never turn your back on the water and swim near lifeguards #CAwx pic.twitter.com/yYISeQMScS
— NWS Bay Area 🌉 (@NWSBayArea) July 27, 2026
वीडियो देखकर क्या बोले लोग?
इस वीडियो को देखकर लोग सांता क्रूज के लाइफगार्ड्स को सलाम कर रहे हैं:-
@kinsleyanderson नाम ने यूजर ने लिखा, 'इसे देखने के बाद मैं सिर्फ Wow कह सकता हूं. उस गार्ड को मेरा सलाम. मैं जानता हूं कि वह पूरी तरह थक चुका था, लेकिन वह रुका नहीं. उस बच्चे को कसकर पकड़े रहना और इतनी भारी लहरों में उसे न खोना सच में प्रभावशाली है.'
@jah_gobz नाम के अकाउंट यूजर ने लिखा, 'यह देखना और यह जानना कि लाइफगार्ड्स को अभी भी आर्थिक या कानूनी रूप से फर्स्ट रिस्पॉन्डर नहीं माना जाता, दुखद है. आज एक छोटा बच्चा अपने परिवार के साथ घर वापस जा सका. शानदार काम सांता क्रूज लाइफगार्ड्स.'
ये भी पढ़ें:- 900 किलो के बायसन का गुस्सा देख डर से थर-थर कांप उठे टूरिस्ट, गाड़ी में सींग मारकर फाड़ दिया टायर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं