Viral News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के डिडोली गांव से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक डेढ़ माह के मासूम बच्चे को अचानक एक बंदर उठाकर ले गया. कुछ पल के लिए पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गांव वालों की समझदारी और सूझबूझ से बच्चे की जान बच गई. यह घटना अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. आइए जानते हैं पूरा मामला-
घटना बीते सोमवार शाम की है. 27 वर्षीय मुकेश कुमार अपनी पत्नी रेखा देवी (24) और अपने नवजात बेटे के साथ घर के आंगन में खाट पर सो रहे थे. इसी दौरान रेखा देवी थोड़ी देर के लिए रसोई में चली गईं. तभी एक बंदर आंगन में घुस आया और खाट पर सो रहे मासूम बच्चे को उठाकर छत पर चढ़ गया.
सोचा नहीं था कभी बिना हथियार आऊंगा...बाइक पर कश्मीर पहुंचे रिटायर्ड आर्मी ब्रिगेडियर
जैसे ही बच्चे के रोने की आवाज आई, रेखा देवी घबरा गईं और जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगीं. आवाज सुनकर पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे. बच्चे के चाचा विकास कुमार के अनुसार, गांव वालों ने बहुत समझदारी से काम लिया. किसी ने भी बंदर को डराने या उस पर हमला करने की कोशिश नहीं की, क्योंकि डर था कि बंदर बच्चे को नीचे गिरा सकता है.
गांव वालों की समझदारी से बची मासूम की जान
गांव वालों ने मिलकर एक अनोखी तरकीब निकाली. उन्होंने बंदर का ध्यान भटकाने के लिए छत की ओर रोटियां फेंकनी शुरू कर दीं. खाने के लालच में बंदर ने बच्चे को छत पर छोड़ दिया और खुद रोटियों की ओर चला गया. इसी मौके का फायदा उठाकर कुछ युवक छत पर चढ़े और सुरक्षित तरीके से बच्चे को नीचे उतार लिया. गनीमत रही कि बच्चे को कोई चोट नहीं आई.
इस घटना के बाद गांव में बंदरों के बढ़ते आतंक को लेकर गुस्सा देखने को मिला. लोगों का कहना है कि गांव में बंदरों का आतंक काफी बढ़ गया है. महिलाएं और बच्चे घर से बाहर निकलने में डरते हैं. बंदर छतों पर कपड़े सुखा रही महिलाओं पर हमला करते हैं, बच्चों के स्कूल बैग छीन लेते हैं और दुकानों से सामान उठा ले जाते हैं. ऐसे में ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है.
इसपर ब्लॉक विकास अधिकारी जॉया लोकचंद आनंद ने बताया कि वन विभाग को बंदरों को पकड़ने के निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही प्रभावी कदम उठाए जाएंगे.
यह घटना जहां एक ओर खतरे की चेतावनी है, वहीं गांव वालों की एकजुटता और समझदारी की मिसाल भी है. डिडोली गांव ने यह साबित कर दिखाया है कि सही समय पर लिया गया शांत और समझदारी भरा फैसला कैसे बड़े से बड़े खतरे को भी टाल सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं