यह ख़बर 30 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

सऊदी अरब में लेडी अलकायदा को 15 साल की सजा

खास बातें

  • सऊदी अरब की एक अदालत ने आतंकवादी गतिविधियों में शामिल एक महिला को 15 साल कैद की सजा सुनाई है। इस महिला को लेडी अलकायदा कहा जाता है।
दुबई:

सऊदी अरब की एक अदालत ने आतंकवादी गतिविधियों में शामिल एक महिला को 15 साल कैद की सजा सुनाई है। इस महिला को लेडी अलकायदा कहा जाता है। रियाद की एक विशेष अदालत ने 37 साल की हैला अल-कसीर को सजा सुनाई। उसे कई आतंकवादी गतिविधियों में शामिल रहने का दोषी पाया गया था। अदालत ने रिहाई के बाद 15 वर्षों तक उसके विदेश जाने पर भी पाबंदी लगाई है। अदालत ने उसे वांछित आतंकवादियों को पनाह देने, आतंकवादी हमलों के लिए लोगों को भड़काने और बिना लाइसेंस के दो बंदूक रखने का दोषी करार दिया। उसे सुरक्षा अधिकारियों पर हमले का भी दोषी पाया गया। हैला पर 10 लाख रियाल (एक करोड़ रुपये से अधिक) की रकम एकत्र करने और उसे यमन में अलकायदा की मदद के लिए भेजने का भी आरोप था। वह यमन और अफगानिस्तान में अलकायदा के आतंकवादियों के साथ संपर्क में भी थी। इस महिला ने सभी आरोपों से इनकार किया था।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com