विज्ञापन

दुबई सरकार का ऑफर, रिश्तेदारों को घर बुलाओ और 78 हजार रुपये के फ्री वाउचर पाओ

दुबई सरकार ने 'A Dubai Invite' प्रोग्राम लॉन्च किया है, जिसके तहत UAE निवासियों को अपने विदेशी रिश्तेदारों या दोस्तों को बुलाने पर लगभग 78,000 रुपये के फ्री होटल स्टे, डाइनिंग और अट्रैक्शन वाउचर्स दिए जाएंगे. जानें पूरा प्रोसेस.

दुबई सरकार का ऑफर, रिश्तेदारों को घर बुलाओ और 78 हजार रुपये के फ्री वाउचर पाओ
रिश्तेदारों को दुबई बुलाने पर मिलेंगे 78 हजार के फ्री वाउचर, सरकार ने लॉन्च किया 'A Dubai Invite' प्रोग्राम. (सांकेतिक तस्वीर)

World News: युद्ध की मार झेल रहे टूरिज्म सेक्टर को दोबारा खड़ा करने के लिए दुबई सरकार एक शानदार ऑफर लेकर आई है. 'A Dubai Invite' प्रोग्राम के तहत यूएई (UAE) के निवासी अगर अपने विदेशी रिश्तेदारों या दोस्तों को दुबई बुलाते हैं, तो उन्हें 3000 दिरहम (करीब 78 हजार रुपये) से ज्यादा के फ्री वाउचर मिलेंगे. इन रिवॉर्ड्स का इस्तेमाल मुफ्त होटल स्टे, डाइनिंग और टूरिस्ट अट्रैक्शन के लिए किया जा सकता है.

31 अक्टूबर तक आने वाले मेहमानों पर मिलेगा फायदा

दुबई डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमी एंड टूरिज्म (DET) के मुताबिक, यह स्कीम उन मेहमानों के लिए है जो 20 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 के बीच दुबई पहुंचेंगे. इसका लाभ उठाने के लिए यूएई के निवासियों को मेहमानों के आने से पहले ऑनलाइन फॉर्म भरकर उन्हें नॉमिनेट करना होगा. एक बार में अधिकतम पांच लोगों के नाम दर्ज किए जा सकते हैं. ज्यादा मेहमान होने पर अलग से फॉर्म सबमिट किया जा सकता है.

ऑटोमैटिक वेरिफिकेशन और दिसंबर तक वैलिडिटी

गल्फ न्यूज के मुताबिक, मेहमानों के दुबई लैंड करते ही सिस्टम उनकी एंट्री को ऑटोमैटिक तरीके से वेरिफाई कर लेगा. इसके तुरंत बाद, बुलाने वाले निवासी को एक ईमेल मिलेगा जिसमें रिवॉर्ड पैकेज और उसे रिडीम करने का तरीका बताया जाएगा. निवासियों को मिलने वाले ये रिवॉर्ड और वाउचर 31 दिसंबर 2026 तक वैलिड रहेंगे.

युद्ध की मार से टूरिज्म सेक्टर को उबारने की कोशिश

गर्मियों में 50 डिग्री तापमान के कारण दुबई में वैसे भी पर्यटकों की संख्या कम रहती है. इसके अलावा, फरवरी में शुरू हुए युद्ध और होटलों पर हुए हमलों ने टूरिज्म सेक्टर को भारी नुकसान पहुंचाया है. हालांकि, 8 अप्रैल को हुए संघर्ष विराम के बाद से पर्यटकों की आवाजाही थोड़ी शुरू हुई है, लेकिन होटल अभी भी मुख्य रूप से स्थानीय मेहमानों पर निर्भर हैं. पर्यटन और व्यापार को नुकसान से बचाने के लिए दुबई सरकार मई और मार्च में भी करोड़ों डॉलर के आर्थिक पैकेज का ऐलान कर चुकी है.

कौन ले सकता है इस ऑफर का फायदा?

  • 18 साल या उससे ज्यादा उम्र के यूएई नागरिक और निवासी, जिनके पास वैध एमिरेट्स आईडी है.
  • जो विदेशी मेहमान वैध टूरिस्ट वीजा या 'वीजा ऑन अराइवल' पर 20 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 के बीच फ्लाइट, सड़क या समुद्र के रास्ते दुबई आ रहे हैं.
ध्यान रहे, इस प्रोग्राम में वीजा सुविधा शामिल नहीं है. मेहमानों को अपने वीजा का इंतजाम खुद करना होगा.

78 हजार के पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?

इस रिवॉर्ड पैकेज का इस्तेमाल दुबई के नामी होटलों (जैसे- W दुबई, द वेस्टिन, ले मेरिडियन, मेलिया डेजर्ट पाम और IHG होटल्स), बेहतरीन रेस्टोरेंट्स और टूरिस्ट स्पॉट्स पर किया जा सकता है. इसके अलावा करीम (Careem) और हला (Hala) जैसी लाइफस्टाइल सेवाओं में भी ऑफर्स मिलेंगे. इस पूरी स्कीम के दौरान एक निवासी अधिकतम तीन रिवॉर्ड पैकेज ही हासिल कर सकता है.

इन जरूरी नियमों का भी रखें ध्यान

  • एक मेहमान को सिर्फ एक ही बार नॉमिनेट किया जा सकता है. अगर किसी एक निवासी ने उसे पहले ही रजिस्टर कर लिया है, तो दूसरी नॉमिनेशन मान्य नहीं होगी.
  • मेहमान के दुबई पहुंचने पर पर्यटन विभाग (DET) को अलग से जानकारी देने की जरूरत नहीं है, वेरिफिकेशन अपने आप हो जाएगा.
  • मेहमान के पहुंचने के 72 घंटे के अंदर निवासी के पास ईमेल आ जाएगा. इन वाउचर्स को अगस्त 2026 से जारी किया जाएगा.

ये भी पढ़ें:- 52 कोठी और 53 दरवाजों का अनसुलझा रहस्य, इतिहास के पन्नों में दफ्न है नालंदा के अमावा स्टेट राजमहल की कहानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dubai, Travel Voucher, Dubai Department Of Economy And Tourism, World News, Zara Hatke News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com