यह ख़बर 10 सितंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

आज भी दुनिया में सबसे ज़्यादा पसंदीदा किताब है 'हैरी पॉटर'...

नई दिल्ली:

कुछ दिन पहले सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट फेसबुक पर एक स्टेटस मैसेज काफी चल रहा था, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को अपनी पसंद की 10 किताबों के नाम लिखने थे, और आश्चर्यजनक रूप से इंटरनेट के इस दौर में भी किताबें पढ़ने की शौकीनों की तादाद काफी रही, जिन्होंने न सिर्फ अपनी पसंदीदा किताबों के नामों के साथ स्टेटस अपडेट लिखे, बल्कि अपने मित्रों को भी ऐसा ही करने के लिए प्रोत्साहित किया।

जब इस तरह के स्टेटस अपडेट काफी ज़ोर पकड़ गए, तब फेसबुक के रिसर्चरों लैडा एडेमिक और भारतीय मूल के पिंकेश पटेल को भी इसका महत्व समझ आया, और उन्होंने इन स्टेटस अपडेटों में सबसे ज़्यादा दर्ज की गई शीर्ष 20 किताबों की सूची तैयार कर डाली, और अलग से जारी कर दी। इसके लिए उन्होंने 1,30,000 स्टेटस का अध्ययन किया, और मज़ेदार तथ्य यह रहा कि शीर्ष 20 पुस्तकों में अधिकतर किताबें बच्चों के लिए लिखी हुई रहीं।

इस निष्कर्ष को लेकर पिंकेश पटेल का कहना था, जिन किताबों को हम अपने बालपन या किशोरवय के दौरान पढ़ते हैं, उनका हमारे मन पर बहुत गहरा प्रभाव पड़ता है, और इसी कारण शीर्ष पर रही किताबों में अधिकतर बच्चों की थीं। सो, आखिरकार, विश्वभर में सबसे ज़्यादा पसंद की गई किताब साबित हुई ब्रिटिश लेखिका जेके रॉलिंग की लिखी शृंखला 'हैरी पॉटर', और दूसरे तथा तीसरे स्थान पर क्रमशः रहीं - हार्पर ली द्वारा लिखित 'टु किल अ मॉकिंगबर्ड' तथा जेआरआर टॉलकिन द्वारा रचित 'द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स'।

इस शोध के कुछ महत्वपूर्ण पहलू थे कि लगभग एक लाख लोगों के इन स्टेटस अपडेटों में महिलाओं की तादाद पुरुषों की तुलना में तीन गुना से भी ज़्यादा रही। इसमें भाग लेने वालों में से 63 प्रतिशत अमेरिकी थे, जबकि 9.3 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर भारतीय रहे, और 6.3 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर ब्रिटिश लोग रहे, तथा सभी प्रतिभागियों की औसत आयु 37 वर्ष रही। सो, आइए पढ़ते हैं - स्टेटस अपडेटों में सबसे अधिक दर्ज की गई 20 किताबों की सूची, और यह भी जानते हैं कि किस पुस्तक को कितने प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में स्थान मिला।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

1. हैरी पॉटर (सात किताबों की शृंखला), द्वारा जेके रॉलिंग (21.08 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
2. टु किल अ मॉकिंगबर्ड, द्वारा हार्पर ली (14.48 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
3. द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स, द्वारा जेआरआर टॉलकिन (13.86 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
4. द हॉबिट, द्वारा जेआरआर टॉलकिन (7.48 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
5. प्राइड एंड प्रेजुडिस, द्वारा जेन ऑस्टेन (7.28 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
6. द होली बाइबल (7.21 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
7. द हिचहाइकर्स गाइड टु द गैलेक्सी, द्वारा डगलस एडम्स (5.97 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
8. द हंगर गेम्स (तीन किताबों की शृंखला), द्वारा सुज़ैन कॉलिन्स (5.82 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
9. कैचर इन द राई, द्वारा जेडी सैलिन्गर (5.70 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
10. द ग्रेट गैट्सबी, द्वारा एफ स्कॉट फिट्ज़गेराल्ड (5.61 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
11. 1984, द्वारा जॉर्ज ऑरवेल (5.37 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
12. लिटिल वीमेन, द्वारा लुइसा मे एल्कॉट (5.26 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
13. जेन आयरे, द्वारा शॉरलॉट ब्रॉन्टे (5.23 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
14. द स्टैन्ड, द्वारा स्टीफन किंग (5.11 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
15. गॉन विद द विन्ड, द्वारा मार्गरेट मिशेल (4.95 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
16. अ रिन्कल इन टाइम, द्वारा मैडेलिन एल'एन्गल (4.38 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
17. द हैन्डमेड्स टेल, द्वारा मार्गरेट एटवुड (4.27 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
18. द लायन, द विच, एंड द वार्डरोब (द क्रॉनिकल्स ऑफ नार्निया), द्वारा सीएस लुइस (4.05 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
19. द एलकैमिस्ट, द्वारा पाउलो कोएल्हो (4.01 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)
20. ऐन ऑफ ग्रीन गेबल्स, द्वारा एलएम मॉन्टेगुमरी (3.95 प्रतिशत स्टेटस अपडेटों में दर्ज)