Trending News: डेलॉयट (Deloitte) कंपनी के एक पूर्व आईटी मैनेजर को हांगकांग की एक अदालत में पेश किए जाने के बाद हिरासत में ले लिया गया है. शख्स पर कंपनी के सैकड़ों लैपटॉप चुराने और उन्हें बेचकर मिले पैसों को पर्सनल स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग में लगाने का आरोप है. द साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह पूरी धोखाधड़ी तब सामने आई जब दफ्तर के एक आईटी इंजीनियर ने स्टॉक चेक किया और पाया कि ऑफिस में अचानक 399 लैपटॉप कम हैं.
IT इंजीनियर ने पकड़ी चोरी
अभियोजकों (Prosecutors) ने अदालत को बताया कि आरोपी हो मन-किट (Ho Man-kit) डेलॉयट के इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी विभाग में कार्यरत था और उसने अपने पद का फायदा उठाकर इस चोरी को अंजाम दिया.
कबाड़ वाले को बेचे लैपटॉप
जांच में सामने आया कि उसने अनधिकृत तरीके से कुल 423 लैपटॉप गायब किए और उन्हें एक कबाड़ रीसाइकलर को बेच दिया. बैंक रिकॉर्ड्स से इस बात की पुष्टि हुई है कि लैपटॉप बेचने के एवज में हो मन-किट को 458,000 हांगकांग डॉलर (लगभग 55 लाख भारतीय रुपये) मिले थे. जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी ने इस पूरी रकम को स्टॉक ऑप्शंस ट्रेडिंग में झोंक दिया, जिसमें उसे भारी नुकसान उठाना पड़ा और सारे पैसे डूब गए.
सरेंडर से पहले सुसाइड की कोशिश
SCMP की रिपोर्ट के अनुसार, सुनवाई के दौरान आरोपी की तरफ से कोई औपचारिक याचिका (Plea) दायर नहीं की गई. आरोपी के बचाव पक्ष के वकील (Defence Counsel) ने कोर्ट को बताया कि उनका मुवक्किल अपनी इस घिनौनी हरकत पर बेहद शर्मिंदा है. डिप्रेशन और भारी मानसिक तनाव के चलते, अधिकारियों के सामने खुद को सरेंडर करने से ठीक एक दिन पहले उसने आत्महत्या करने की भी कोशिश की थी.
ये भी पढ़ें:- फ्री खाना, गेम रूम और कुकिंग क्लासेस...वायरल वीडियो में देखें Google के इस लग्जरी ऑफिस की अतरंगी दुनिया
पत्नी डिप्रेशन में, पिता को था कैंसर
अदालत में यह भी दलील दी गई कि आरोपी हो मन-किट पिछले काफी समय से गंभीर पारिवारिक और व्यक्तिगत संकट से जूझ रहा था. हाल ही में मां बनने के बाद उसकी पत्नी पोस्टनेटल डिप्रेशन की शिकार हो गई थी, जबकि उसके पिता फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित थे और उनकी एक बड़ी सर्जरी हुई थी, जिसका इलाज लगातार चल रहा था. इन्हीं परिस्थितियों के कारण वह इस आर्थिक दलदल में फंस गया.
क्या और कितनी सजा मिल सकती है?
इस हाई-प्रोफाइल मामले ने कॉर्पोरेट जगत का ध्यान खींचा है, क्योंकि इसमें कंपनी की संपत्तियों की चोरी कर उसका इस्तेमाल स्टॉक मार्केट ऑप्शन के लिए किया गया. फिलहाल, मामले की सुनवाई को स्थगित करते हुए डिप्टी जज मिन्नी वाट लाई-मैन (Deputy Judge Minnie Wat Lai-man) ने आरोपी को कस्टडी में भेज दिया है और सजा सुनाने के लिए 21 अगस्त की तारीख तय की है. हांगकांग के कानून के तहत चोरी के अपराध में अधिकतम 10 साल की जेल हो सकती है, हालांकि जिला अदालत (District Court) में सुनवाई होने के कारण इस मामले में अधिकतम सजा 7 साल तक सीमित रहेगी.
ये भी पढ़ें:- Google से मृत पिता का डेटा मांगने पहुंचा बेटा, मिला यह जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं