BSE-NSE Trading Close Today: क्या आज 26 जून, शुक्रवार को शेयर बाजार (Share Market) खुलेंगे, क्या आज BSE-NSE पर ट्रेडिंग होगी? अल्पसंख्यक समुदाय के त्यौहार मुहर्रम को लेकर देशभर में कई सारे सरकारी संस्थान बंद रहने वाले हैं. बैंकों में भी छुट्टियां हैं. ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठना लाजिमी है कि आज स्टॉक मार्केट खुला है या नहीं? अगर आप भी शेयर बाजार में निवेश करते हैं तो आपके लिए भी ये खबर जरूरी हो सकती है. BSE और NSE की 'हॉलीडे लिस्ट' के मुताबिक, आज 26 जून , शुक्रवार को शेयर बाजार के दोनों प्रमुख एक्सचेंज BSE और NSE बंद रहने वाले हैं. दोनों एक्सचेंजों पर आज कारोबार नहीं होगा. यहां तक कि कमोडिटी मार्केट (Commodity Market) भी आज अपने निर्धारित समय सुबह 9 बजे से नहीं खुलने वाले हैं.
शेयर बाजार में लगातार 3 दिन का ब्रेक
आज शेयर बाजार में 26 जून , शुक्रवार को मुहर्रम/आशूरा की वजह से छुट्टी रहेगी. इसके बाद 27 जून को शनिवार और 28 जून को रविवार होने के चलते नियमित साप्ताहिक अवकाश रहेगा. यानी शेयर बाजार में लगातार 3 दिन तक ब्रेक रहेगा. स्टॉक मार्केट अब सीधे सोमवार 29 जून को खुलेंगे.
दरअसल, मुहर्रम इस्लामी कैलेंडर का पहला महीना माना जाता है और इसका 10वां दिन आशूरा के तौर पर मनाया जाता है. ये दिन मुस्लिम समुदाय के लिए विशेष महत्व रखता है. इसी को लेकर भारतीय शेयर बाजार में भी सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है.
आज मार्केट में कौन-कौन से कारोबार नहीं होंगे?
NSE और BSE ने जो इस साल की आधिकारिक ट्रेडिंग हॉलिडे लिस्ट जारी की है, उसके अनुसार 26 जून को इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स और अन्य प्रमुख सेगमेंट में कारोबार पूरी तरह बंद रहेगा. इस वजह से निवेशक आज शेयरों की खरीद-बिक्री नहीं कर सकेंगे. आज फ्यूचर्स-ऑप्शंस ट्रेडिंग या अन्य मार्केट लेनदेन भी नहीं होंगे. बाजार में सामान्य गतिविधियां 29 जून से दोबारा शुरू होंगी.
शाम में खुलेगा ये मार्केट, लगा सकेंगे पैसे
शेयर मार्केट से इतर कमोडिटी मार्केट का हाल थोड़ा अलग है. यहां के लिए आज का शेड्यूल अलग ही है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) आज भले ही रोजाना की तरह 9 बजे नहीं खुलेंगे और सुबह के सत्र में मार्केट बंद रहेगा, लेकिन शाम के सत्र में ये मार्केट खुला रहेगा. यानी शाम 5 बजे से रात 11:55 बजे तक सोना, चांदी, प्लैटिनम, कॉपर, क्रूड और अन्य कमोडिटीज में ट्रेडिंग फिर से शुरू हो जाएगी. हालांकि NCDEX यानी नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज पूरे दिन बंद रहेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं