Delhi Apartment Flooded Fire Pipeline Burst: अपनी पूरी जिंदगी की कमाई लगाकर जब कोई इंसान करोड़ों रुपये का घर खरीदता है, तो वह सुकून की उम्मीद करता है. लेकिन दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन इलाके की एक नामी हाईराइज सोसाइटी से जो मामला सामने आया है, वो सच में हैरान करने वाला है. यहां 13वें फ्लोर पर बने एक फ्लैट की छत से अचानक पानी का ऐसा झरना बहा कि देखते ही देखते पूरा आलीशान घर तालाब में बदलता दिखने लगा. X पर संजू गोयल नाम के यूजर ने यह वीडियो बनाकर शेयर किया है जो इस वक्त सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड कर रहा है.
फ्लैट के अंदर कहां से आया इतना पानी?
गोयल के मुताबिक, यह घटना फ्लैट के अंदर लगी फायर फाइटिंग पाइपलाइन फटने की वजह से हुई. पाइप फटने के बाद छत से इतनी तेजी से पानी बरसा कि महज कुछ ही मिनटों में घर के महंगे सोफे, कुर्सियां, इलेक्ट्रॉनिक्स और बाकी सारा कीमती सामान पानी में पूरी तरह भीग गया. इस घटना में पीड़ित परिवार का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. पड़ोसियों का आरोप है कि बिल्डर ने कंस्ट्रक्शन के दौरान बेहद घटिया दर्जे का मटेरियल इस्तेमाल किया था, जिसकी वजह से यह पाइप अचानक दबाव नहीं झेल पाया और टूट गया.
कितने दुर्भाग्य की बात है कि इंसान अपने पूरे जीवन की पूंजी लगाकर लगभग ₹1.5 से ₹2
— SanjuGoyal01 (@SanjuGoyel) July 21, 2026
Cr खर्च करके जब घर खरीदना है तो उसके साथ इस तरह से हो रहा है
दरअसल Fire alarm pipe का काम इतना घटिया तरीके से किया जाता है कि एकदम से पाइप टूट गया और पूरे घर का फर्नीचर भी खराब हो गया
घटना मेरी… pic.twitter.com/rHnDbuooJ5
'बिल्डर ने खड़े किए हाथ, अब दर्ज हुई FIR'
आरोप है कि करोड़ों खर्च करने के बाद भी जब पीड़ित परिवार को इस बर्बादी का सामना करना पड़ा, तो उन्होंने मेंटेनेंस एजेंसी से हर्जाने की मांग की. हालांकि, एजेंसी ने नुकसान की भरपाई करने से साफ इनकार कर दिया है. इसके बाद परेशान मकान मालिक ने मेंटेनेंस एजेंसी और बिल्डर की इस लापरवाही के खिलाफ सीधे पुलिस में एफआईआर दर्ज करा दी है. इस घटना ने अब हाईराइज सोसाइटियों में रहने वाले लाखों लोगों की सुरक्षा और बिल्डरों की मनमानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
लोग बोले - बिल्डर से वसूलो पूरा खर्चा
एक यूजर ने इस वीडियो के कमेंट बॉक्स में लिखा, 'लोग अपनी जिंदगी भर की मेहनत की कमाई से घर बनाते या खरीदते हैं, लेकिन इसी प्रक्रिया में भ्रष्टाचार होता है और घर ठीक से नहीं बनाए जाते. बस एक ढांचा खड़ा करके सौंप दिया जाता है.'
एक और यूजर ने कमेंट किया, 'अगर कंस्ट्रक्शन में लापरवाही बरती गई है या घटिया मटीरियल का इस्तेमाल हुआ है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. घर खरीदना लोगों की जिंदगी भर की कमाई का सपना होता है, इसलिए बिल्डर और मेंटेनेंस एजेंसी, दोनों की जवाबदेही तय करना जरूरी है.'
तीसरे यूजर ने कहा, 'जब लोग जिंदगी भर की मेहनत की कमाई से घर खरीदते हैं, तो उन्हें सुरक्षा और क्वालिटी मिलनी चाहिए. बिल्डर के खिलाफ सख़्त कार्रवाई होनी चाहिए और नुकसान की पूरी भरपाई उनसे ही कराई जानी चाहिए.'
ये भी पढ़ें:- लड़ाई टालने के लिए 70 लाख साल पहले ही 'किस और हग' करना सीख गए थे हमारे पूर्वज, नई रिसर्च में हुआ खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं