विज्ञापन

3 घंटे में दिल्ली से भरतपुर, 40 मिनट में मथुरा से, जयपुर-डीग वालों को भी फायदा, अपग्रेड हो रहा ये 'सुपर' हाइवे

मथुरा-भरतपुर हाईवे होगा सुपरफास्ट, 40 मिनट में पूरा होगा सफर, ₹207 करोड़ से बनेगी 4-लेन सड़क, यूपी-राजस्थान की कनेक्टिविटी को मिलेगा बूस्ट

3 घंटे में दिल्ली से भरतपुर, 40 मिनट में मथुरा से, जयपुर-डीग वालों को भी फायदा, अपग्रेड हो रहा ये 'सुपर' हाइवे
ब्रज और राजस्थान के बीच सफर होगा आसान
NDTV

उत्तर प्रदेश में कई नए हाइवे और एक्सप्रेसवे बन रहे हैं. इसके अलावा कुछ पुरानी सड़कों को भी अपग्रेड करके सुपरफास्ट बनाया जा रहा है. इसी में शामिल है 'मथुरा-भरतपुर हाइवे'. यह स्टेट हाइवे-33 है. यहां लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम और सड़क सुरक्षा की चुनौतियों को देखते हुए इस रास्ते को 4-लेन हाइवे में बदला जाएगा. इसके लिए सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है. इस हाइवे के अपग्रेड होने के बाद मथुरा से भरतपुर का सफर महज 40 मिनट में पूरा हो पाएगा. दिल्ली-एनसीआर और आगरा से भी भरतपुर का सफर आसान होगा.

कहां अपग्रेड हो रहा हाइवे?

दिल्ली-मथुरा हाइवे का कुछ हिस्सा सिंगल रोड है. इसे ही अपग्रेड किया जा रहा है. इस प्रोजेक्ट के तहत मथुरा के नरहौली तिराहे से भरतपुर बॉर्डर तक करीब 18 किलोमीटर का हिस्सा अपग्रेड किया जाएगा. इसकी अनुमानित लागत 207 करोड़ रुपये होगी.

20-25 मिनट तक कम हो सकता है सफर

फिलहाल मथुरा के नरहौली तिराहे से भरतपुर बॉर्डर तक की दूरी तय करने में 45 मिनट से लेकर एक घंटे तक का समय लग जाता है. त्योहारों, वीकेंड और मुड़िया पूर्णिमा जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान यह सफर कई बार 2 से 3 घंटे तक पहुंच जाता है.

फोरलेन बनने के बाद मथुरा से भरतपुर बॉर्डर का सफर 20-25 मिनट में पूरा हो सकेगा. वहीं मथुरा से भरतपुर शहर तक पहुंचने में करीब 40 मिनट लगेंगे. जाम और ट्रैफिक बाधाएं काफी हद तक कम होंगी. 

सड़क की चौड़ाई बढ़ेगी, बनेगा डिवाइडर

मौजूदा सिंगल रोड को चौड़ा कर फोरलेन बनाया जाएगा.  सड़क की चौड़ाई 10 मीटर से बढ़ाकर 16 मीटर की जाएगी. बीच में सेंट्रल डिवाइडर बनाया जाएगा. आधुनिक साइनेज और स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी. सड़क सुरक्षा में सुधार होगा और हेड-ऑन टक्कर की घटनाएं कम होंगी.

जयपुर, डीग और ब्रज क्षेत्र को मिलेगा फायदा

यह मार्ग केवल मथुरा और भरतपुर को नहीं जोड़ता, बल्कि राजस्थान और ब्रज क्षेत्र के बीच मुख्य संपर्क मार्ग है. इस हाइवे के अपग्रेड होने के बाद जयपुर जाने वाले पर्यटकों की यात्रा आसान होगी. राजस्थान के नए जिले डीग की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. वहीं गोवर्धन, वृंदावन, बरसाना और मथुरा आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी. 

दिल्ली-एनसीआर से भी सफर होगा आसान

हाइवे के अपग्रेड होने के बाद दिल्ली-एनसीआर से भरतपुर और ब्रज के अन्य शहरों का भी सफर आसान होगा. फिलहाल दिल्ली से यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए मथुरा तो लोग 2 से 2.5 घंटे में पहुंच जाते हैं लेकिन भरतपुर तक पहुंचने में करीब एक घंटे एक्स्ट्रा लग जाते हैं. यानी कुल सफर 3.5 से 4 घंटे का होता है. लेकिन अपग्रेड के बाद यह सफर करीब तीन घंटे में पूरा होगा.

यह भी पढ़ें: दिल्ली से 6 घंटे में चित्रकूट, यह लिंक रोड बदलेगा UP की तस्वीर, बुंदेलखंड और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mathura  News, Mathura Highway, Delhi Mathura Road
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com