Pet Translator: आपने पालतू जानवरों के लिए कई स्मार्ट और AI डिवाइस देखे होंगे, जो आपके बिल्ली या कुत्ते का मनोरंजन करते हैं, लेकिन क्या हो अगर तकनीक इतनी आगे बढ़ जाए कि आपका पेट क्या महसूस कर रहा है और क्या कह रहा है, ये भी आप समझ सकें. चीन की एक स्टार्टअप कंपनी ने ऐसा ही एक AI पेट ट्रांसलेटर बनाने का दावा किया है, जो जानवरों की आवाज, भावनाओं और उनके व्यवहार को लगभग 95% सही पहचान सकता है. कंपनी का कहना है कि यह डिवाइस पालतू जानवरों और उनके मालिकों के बीच बातचीत को पहले से कहीं ज्यादा आसान और खास बना सकता है.
कंपनी के अनुसार, अगर यह डिवाइस पालतू जानवर के गले में पहनाया जाए, तो यह उसकी आवाज, भावनाएं और व्यवहार को लगभग 95% सही पहचान सकता है. इस AI से चलने वाले डिवाइस की प्री-ऑर्डर इस महीने की शुरुआत में शुरू हुई थी और अब तक 10,000 से ज्यादा लोगों ने इसे बुक कर लिया है. पालतू जानवर के मालिक इससे अपने जानवरों से बात करने को लेकर उत्साहित हैं.
सोशल मीडिया पर हो रही खूब चर्चा
इसकी कीमत 799 युआन यानी लगभग 118 डॉलर रखी गई है. हालांकि, सोशल मीडिया पर इसको लेकर बहुत चर्चा हो रही है. कुछ लोग इसे सच में काम करने वाला ट्रांसलेटर बता रहे हैं, तो कुछ ने इसे इंसानों की समझ को परखने वाला टेस्ट बताया है.
सोशल मीडिया पर कई लोगों का कहना है कि कंपनी ने अपने बड़े-बड़े दावों को साबित करने के लिए कोई ठोस डेटा नहीं दिया गया है. कंपनी ने सिर्फ कुछ वीडियो दिखाए हैं, जिनमें बिल्ली की म्याऊं और कुत्तों के भौंकने को रंग-बिरंगे बबल्स के जरिए इंसानी भाषा में बदलते हुए दिखाया गया है, लेकिन इसके अलावा कंपनी ने अपनी इस नई डिवाइस की सटीकता को लेकर कोई पुख्ता जानकारी या सबूत शेयर नहीं किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं