विज्ञापन

चीन में AI कंटेंट बनाने वालों को अपने चेहरे का लाइसेंस देकर 15 लाख रुपये तक कमा रहे लोग

इस नए ट्रेंड को लेकर सोशल मीडिया पर एक बड़ी बहस छिड़ गई है. कुछ लोग घर बैठे पैसे कमाने का मौका पाकर खुश हैं, जबकि कुछ लोगों के इस बिजनेस के लंबे चलने पर शक है.

चीन में AI कंटेंट बनाने वालों को अपने चेहरे का लाइसेंस देकर 15 लाख रुपये तक कमा रहे लोग
चीन में AI को अपना 'चेहरा' किराए पर देकर लाखों कमा रहे हैं आम लोग.
Facebook

Zara Hatke News: चीन में फेस-लाइसेंसिंग का नया बिजनेस ट्रेंड में है. इसके तहत लोग अपना चेहरा AI से शॉर्ट ड्रामा, गेम और विज्ञापन बनाने वालों को किराए पर दे रहे हैं. इसके बदले उन्हें 700 रुपये से लेकर 14.32 लाख रुपये तक की फीस घर बैठे दी जा रही है. पहले इस बिजनेस को सीक्रेटली चलाया जाता था, लेकिन अप्रैल के बाद से पब्लिक प्लेटफॉर्म्स के जरिए यह हर आम आदमी की पहुंच में आ गया है. हालत यह है कि एक बैंक कर्मचारी ने सिर्फ तीन दिन में अपनी फोटो सात बार बेचकर बैठे-बैठे करीब 35 हजार रुपये कमा लिए हैं.

कहां और कैसे करें अप्लाई?

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में युआनक्सियांग शिनशेंग और जिनझुआ जैसे कई नए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स आ गए हैं. यहां लोग अपना रजिस्ट्रेशन और आईडी वेरिफिकेशन कराके खुद की डिजिटल एक्टर प्रोफाइल बनाते हैं. आपकी फीस कितनी होगी, यह पूरी तरह आप पर निर्भर है. ऑथराइजेशन फीस 700 रुपये (50 युआन) से शुरू होकर 14.48 लाख रुपये (99,999 युआन) तक जा सकती है.

अपनी शर्तों पर काम, कोई गलत इस्तेमाल नहीं

इस पूरे प्रोसेस की सबसे अच्छी बात यह है कि आपका चेहरा कहां इस्तेमाल होगा और कहां नहीं, यह आप खुद तय करते हैं. उदाहरण के लिए, 34 साल के चेन अपने चेहरे के एक बार इस्तेमाल के करीब 1400 रुपये लेते हैं. लेकिन उनकी शर्त है कि उनका चेहरा सिर्फ फैमिली और रोमांस वाले वीडियो में दिखेगा, हॉरर या एडल्ट कंटेंट में नहीं.

वहीं, दूसरी तरफ जिनझुआ प्लेटफॉर्म पर लिन नाम की एक महिला सबसे ज्यादा डिमांड में हैं. वह एक बार के करीब 7 हजार रुपये लेती हैं और उन्हें विलेन के रोल, कम कपड़ों वाले रोल या मौत वाले सीन से कोई परहेज नहीं है. ग्वांगडोंग की रहने वाली केले मानती हैं कि ऐसा करने से उनका चेहरा AI द्वारा चोरी होने से भी बच जाता है, क्योंकि अब अगर कोई उनका चेहरा इस्तेमाल करना चाहता है, तो उसे कानूनी तौर पर पैसे चुकाने ही होंगे.

कॉन्ट्रैक्ट करने से पहले जुर्माना देख लें

भले ही यह बिना मेहनत पैसे कमाने का आसान तरीका लग रहा हो, लेकिन कानूनी जानकारों ने इसे लेकर गहरी चिंता जताई है. उनका कहना है कि इन प्लेटफॉर्म्स के कॉन्ट्रैक्ट आम यूजर्स के बजाय कंपनियों के ज्यादा फायदे में होते हैं. कई बार यूजर्स से उनकी तस्वीर, नाम और आवाज के सारे कानूनी अधिकार हमेशा के लिए छुड़वा लिए जाते हैं.

सबसे जरूरी बात यह है कि अगर कोई आम यूजर समय से पहले अपना अधिकार वापस लेना चाहे, तो उस पर 7.14 लाख रुपये तक का भारी-भरकम जुर्माना लग सकता है. जबकि कंपनी अगर पेमेंट में देरी करे, तो उस पर बहुत कम जुर्माना है. इसके अलावा, 14 साल से कम उम्र के बच्चों के डेटा को लेकर भी प्राइवेसी का बड़ा खतरा है.

इसका कोई भविष्य है?

सोशल मीडिया पर इस नए ट्रेंड को लेकर लोगों की राय बंटी हुई है. एक तरफ लोग खुश हैं कि आम आदमी का एक्टर बनने का सपना पूरा हो रहा है और बिना कुछ किए पैसे कमाने का रास्ता मिल गया है. वहीं, कुछ लोग इस मार्केट के भविष्य पर सवाल उठा रहे हैं.

ये भी पढ़ें:- 100 साल बाद खोजी गई बिल्ली की नई प्रजाति, तेंदुए जैसी खाल; वजन घरेलू बिल्ली से भी कम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
China, AI, Face, Sale, Money
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com