Snakes escape breeding farm: सोचिए क्या हो, जब आप टाइफून और भारी बारिश के बीच खुद को अपने घर में सुरक्षित महसूस कर रहे हों और बाढ़ के पानी में सैकड़ों सांप तैरते नजर आ रहे हों. इन दिनों ऐसा ही डरावना मंजर चीन के गुआंग्शी क्षेत्र में देखने को मिल रहा है, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. यह घटना स्थानीय लोगों के लिए किसी हॉरर फिल्म जैसी है. बाढ़ का कहर इस तरह टूटा कि एक ब्रीडिंग फार्म से 900 सांप आजाद हो गए हैं, जिसके कारण लोगों के बीच दहशत का माहौल है.
रेस्क्यू ऑपरेशन और लोगों में दहशत (China snake farm flood)
टाइफून माईसैक के कारण कहर बरपाती मूसलाधार बारिश ने डेंगवेई गांव के स्नेक ब्रीडिंग फार्म को जलमग्न कर दिया, जिससे करीब 900 सांप बाहर निकलकर बाढ़ के पानी के साथ बहते नजर आए. इस तबाही से जुड़े वीडियो और फोटो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहे हैं, जिसे देखकर लोगों की रूह कांप गई है. यही नहीं एक वीडियो में तो बाढ़ के पानी में उठती लहरों के साथ सांपों को बहते हुए देखा जा सकता है. प्रशासन ने इस स्थिति को देखते हुए आसपास के गांव वासियों को घर में ही रहने की चेतावनी दी है.
आपदा का बड़ा संकट (The bigger crisis)
बिगड़ती स्थिति के बीच 10 लोगों की एक विशेष रेस्क्यू टीम बनाकर तैनात किया गया है. रेस्क्यू टीम सांपों को पकड़ने के लिए फिशिंग नेट और स्टन गन की मदद ले रही है. अधिकारियों के मुताबिक, इन सांपों में अधिकांश जहरीले नहीं है. बावजूद इसके लोगों में डर बरकरार है. वहीं सांपों के काटने को लेकर कुछ लोगों की शिकायतें भी दर्ज की गई हैं. हालात ये है कि लोगों को चिकित्सा सहायता की कमी महसूस हो रही है. लोगों में डर तब और फैल गया जब बाढ़ का स्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है, जिसके बाद रेड अलर्ट जारी कर दिया गया. इस तबाही में 17 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं. इस बीच राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने राहत और बचाव कार्य तेज करने के आदेश दिए हैं.
ये भी पढ़ें:-VIDEO: चोरों के लिए 'यमराज' हैं यहां की पुलिस, जीप छोड़ भैंस पर सवार होकर करते हैं पेट्रोलिंग
ये भी पढ़ें:-109 साल पहले पिकनिक मनाने गए लोगों की इस फोटो ने इंटरनेट पर मचाया बवाल, दिखा कुछ ऐसा देख चकरा जाएगा दिमाग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं