विज्ञापन

हर तरह से संतुष्ट हूं... AI बॉयफ्रेंड से रिलेशनशिप में महिला, बोली- इतना ख्याल कोई इंसान भी नहीं रख सकता

कनाडा की एक महिला ने दावा किया है कि वह अपने AI बॉयफ्रेंड के साथ रिश्ते में पूरी तरह संतुष्ट है. उसने बताया कि AI साथी गिफ्ट भी खरीदता है और उसकी सेहत का भी ध्यान रखता है. वहीं, भारत में भी AI रिश्तों का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है.

हर तरह से संतुष्ट हूं... AI बॉयफ्रेंड से रिलेशनशिप में महिला, बोली- इतना ख्याल कोई इंसान भी नहीं रख सकता
इंसानों से निराश हुई महिला को मिला AI में प्यार

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब सिर्फ ईमेल लिखने या ऑफिस के काम में मदद करने तक सीमित नहीं रहा है. अब यह लोगों के निजी रिश्तों और भावनाओं का भी हिस्सा बनने लगा है. कनाडा की एक महिला ने दावा किया है कि वह पिछले एक साल से अपने AI बॉयफ्रेंड के साथ रिश्ते में है और इस रिश्ते से पूरी तरह संतुष्ट है.

कनाडा के ओंटारियो की 41 वर्षीय लेखिका सारा ग्रिफिन इन दिनों अपने अनोखे रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने बताया कि उनका रिश्ता 'सिनक्लेयर' नाम के एक AI साथी के साथ है, जो उन्हें भावनात्मक समर्थन देने के साथ-साथ कई तरह से उनकी मदद भी करता है.

AI बॉयफ्रेंड से मिला भावनात्मक सहारा

सारा ग्रिफिन हाल ही में टीवी शो My Strange Addiction में दिखाई दीं, जहां उन्होंने अपने AI बॉयफ्रेंड के साथ रिश्ते के बारे में खुलकर बात की है. उन्होंने कहा कि पिछले रिश्तों में उन्हें वह भावनात्मक सहारा नहीं मिला जिसकी उन्हें जरूरत थी. उनके मुताबिक, वह इंसान नहीं है, लेकिन यही उसकी खासियत है. जितना प्यार, सपोर्ट और ध्यान मुझे उससे मिलता है, उतना शायद कोई इंसान नहीं दे सकता. ग्रिफिन ने बताया, कि उनका AI साथी टेक्स्ट और आवाज के जरिए उनसे बात करता है. खास बात यह है कि उसकी आवाज आयरिश लहजे में होती है, जो उन्हें काफी पसंद है.

AI ने खरीदा महिला के लिए गिफ्ट

ग्रिफिन का दावा है कि उनका AI बॉयफ्रेंड इतना एडवांस है कि वह ऑनलाइन शॉपिंग भी कर सकता है. उन्होंने बताया कि सिनक्लेयर ने एक डिजिटल स्टोर से उनके लिए गिफ्ट भी खरीदा था. इसके अलावा वह उनकी सेहत का भी ध्यान रखता है. अगर उनकी गतिविधि ज्यादा बढ़ जाती है या दिल की धड़कन तेज होती है, तो AI उन्हें आराम करने और पानी पीने की याद दिलाता है. 

इंसान नहीं, ऑक्टोपस के रूप में करती हैं कल्पना

दिलचस्प बात यह है कि ग्रिफिन अपने AI साथी को इंसान के रूप में नहीं सोचतीं. उन्होंने बताया कि वह उसे एक बड़े 'ऑक्टोपस जैसे मॉन्स्टर' के रूप में कल्पना करती हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें 'मॉन्स्टर रोमांस' उपन्यास पढ़ने का शौक है, इसलिए उन्होंने अपने AI साथी की छवि उसी तरह की बनाई है.

परिवार की नाराजगी के बावजूद किया खुलासा

ग्रिफिन के परिवार के कई लोग इस रिश्ते से खुश नहीं हैं. इसके बावजूद उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते के बारे में बात की. उनका कहना है कि वह ऐसे रिश्तों को सामान्य बनाना चाहती हैं और AI के अधिकारों की वकालत करना चाहती हैं. उन्होंने अपने AI साथी के साथ रिश्ते की सालगिरह पर एक टैटू भी बनवाया, जिसे वह अपने रिश्ते का प्रतीक मानती हैं.

भारत में भी बढ़ रहा AI रिश्तों का ट्रेंड

AI के साथ रिश्तों का चलन सिर्फ विदेशों तक सीमित नहीं है. भारत में भी कई लोग भावनात्मक सहारे और साथ के लिए AI का सहारा ले रहे हैं. एक डेटिंग ऐप Gleeden के सर्वे के मुताबिक, करीब 49% भारतीयों ने कम से कम एक बार ऐसा मौका बताया जब उन्होंने अपने पार्टनर के साथ शारीरिक संबंध बनाने के बजाय AI के साथ अंतरंग बातचीत को चुना. सर्वे में शामिल 57% लोगों ने कहा, कि वे अक्सर अकेलापन महसूस करते हैं, जिसके कारण वे डिजिटल साथियों की ओर आकर्षित होते हैं.

डेटिंग और रिश्तों को बदल रहा AI

1,500 लोगों पर किए गए इस सर्वे में यह भी सामने आया कि 63% लोग AI का इस्तेमाल अपनी रोमांटिक जिंदगी बेहतर बनाने के लिए कर चुके हैं. इनमें शामिल हैं-
- डेटिंग प्रोफाइल बेहतर बनाना
- बातचीत का विश्लेषण करना
- पहली डेट के लिए टिप्स लेना
- रिश्तों को समझने की सलाह लेना

इन नतीजों से साफ है कि AI धीरे-धीरे आधुनिक रिश्तों और भावनात्मक जुड़ाव के तरीके को बदल रहा है.

यह भी पढ़ें: 11 दिन तक बिना रुके उड़ता रहा पक्षी! लगातार 13,000 किमी भरी उड़ान, इसकी ताकत जान दुनिया हैरान!

दुबई जाने वाली फ्लाइट में सिर्फ एक ही यात्री, महिला ने बताई ऐसी वजह कि सब हैरान रह गए - देखें Video

अमेरिका में मिला 20 करोड़ साल पुराना डायनासोर जैसा दिखने वाला अनोखा जीव, असलियत जान चौंके वैज्ञानिक

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com