विज्ञापन

3-4 सेकंड का रोल और लाखों की पेंशन... ट्रंप ने किस फिल्म में काम किया था, जिसके लिए आज तक मिल रहा पैसा

ट्रंप ने अपनी फाइनेंशियल रिपोर्ट में 2025 में हुई कमाई की जानकारी दी है. इसके मुताबिक, पिछले साल ट्रंप ने 2.2 अरब डॉलर की कमाई की थी.

3-4 सेकंड का रोल और लाखों की पेंशन... ट्रंप ने किस फिल्म में काम किया था, जिसके लिए आज तक मिल रहा पैसा
ट्रंप ने 2025 में 2 अरब डॉलर से ज्यादा कमाए.
नई दिल्ली:

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कितना कमाते हैं? इसकी जानकारी सामने आ गई है. उनकी फाइनेंशियल रिपोर्ट से पता चलता है कि ट्रंप ने 2025 में अलग-अलग जरियो से 2.2 अरब डॉलर से ज्यादा की कमाई की है. इसमें से आधे से ज्यादा की कमाई तो उन्हें सिर्फ क्रिप्टो से हुई है. क्रिप्टो से उन्होंने 1.4 अरब डॉलर कमाए हैं.

ट्रंप की कमाई से जुड़ी ये रिपोर्ट अमेरिका के ऑफिस ऑफ गवर्नमेंट एथिक्स (OGE) ने जारी की है. 927 पन्नों की इस रिपोर्ट में ट्रंप ने बताया है कि उन्होंने 2025 में कहां से कितना कमाया है.

ट्रंप की कमाई के कितने सारे जरिये हैं, इसे आप ऐसे समझ सकते हैं कि उनकी फाइनेंशियल रिपोर्ट 927 पन्नों की है, जबकि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की रिपोर्ट सिर्फ 17 पन्नों की है. वहीं, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन ने जब 2024 में अपनी फाइनेंशियल रिपोर्ट दी थी, तो वह महज 11 पन्नों की ही थी.

यह भी पढ़ेंः डोनाल्ड ट्रंप ने कतर से उपहार में मिले विमान में भरी उड़ान, बताया दुनिया का सबसे बेहतरीन विमान

फिल्म की पेंशन से कमा रहे लाखों

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड (SAG) और अमेरिकन फेडरेशन ऑफ टीवी एंड रेडियो आर्टिस्ट (AFTRA) से पेंशन भी मिलती है. ये फिल्म और टीवी एक्टर्स की ट्रेड यूनियन है. 2012 में इन दोनों का मर्जर हो गया था. लेकिन ट्रंप 1992 से ही इनके मेंबर हैं, इसलिए उन्हें अभी भी दो पेंशन मिलती है.

फाइनेंशियल रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप को पिछले साल इन दोनों जगहों से 86,532 डॉलर की पेंशन मिली थी. भारतीय करंसी में यह रकम लगभग 82.39 लाख रुपये से भी ज्यादा होती है.

ट्रंप 1992 में आई 'होम अलोन 2: लॉस्ट इन न्यूयॉर्क' फिल्म में नजर आए थे. इसमें केविन मैकएलिस्टर (मैकॉले कल्किन)  प्लाजा होटल की लॉबी में अचानक एक बिजनेसमैन से टकरा जाता है. ये बिजनेसमैन डोनाल्ड ट्रंप ही थे. इसमें उन्होंने कुछ सेकंड का ही रोल किया था.

Latest and Breaking News on NDTV

इस फिल्म के अलावा ट्रंप ने टीवी के लिए भी काम किया है. उन्होंने 'द अप्रेंटिस' के अमेरिकी वर्जन को होस्ट किया था. साथ ही 'फ्रेश प्रिंस ऑफ बेल-एयर' में भी एक छोटा सा रोल किया था.

फिल्म और टीवी में काम करने के लिए उन्हें SAG से 77,808 डॉलर और AFTRA से  8,724 डॉलर की पेंशन मिली थी. SAG उन्हें हर महीने 6,484 और AFTRA 727 डॉलर की पेंशन देता है.

यह भी पढ़ेंः ट्रंप ने एक साल में क्रिप्टो से कमाए 11 हजार करोड़! खुद बनाए नियम, खुद उठाया फायदा?

मेलानिया भी फिल्म-किताबों से कमा रहीं

अमेरिका की फर्स्ट लेडी और ट्रंप की पत्नी मेलानिया भी फिल्मों और किताबों से कमा रही हैं. मेलानिया ने अपने नाम पर बनी डॉक्यूमेंट्री से 1 करोड़ डॉलर से ज्यादा कमाए, जिसे अमेजन ने प्रोड्यूस किया था. इस फिल्म में मेलानिया प्रोड्यूसर भी थीं.

अमेजन ने इस फिल्म को बनाने में 4 करोड़ डॉलर खर्च किए थे. इसमें ट्रंप के दूसरे शपथ ग्रहण समारोह से पहले के समय में उनकी गतिविधियों को दिखाया गया था. बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने 70 लाख डॉलर की कमाई की थी.

इसके अलावा, मेलानिया ने क्रिप्टो बेचकर भी 60 लाख डॉलर कमाए और अपनी किताब 'मेलानिया' से 5.20 लाख डॉलर की कमाई की.

यह भी पढ़ेंः ट्रंप को यौन हमले के केस में राहत नहीं, कोर्ट ने दोषी होने का फैसला नहीं बदला- 43 करोड़ भी देने होंगे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Donald Trump, Donald Trump Income, America, Donald Trump Business, Melania Trump
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com