विज्ञापन

'सिर कलम करने से पहले आखिरी मौका दे रहा हूं', ईरान को ट्रंप ने फिर दी अंतिम चेतावनी

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सामने दो विकल्प रखे हैं- समझौता करो या पूरी तरह सरेंडर करो. हालांकि ईरान इन धमकियों के सामने थोड़ा भी डरा हुआ नहीं दिख रहा है.

'सिर कलम करने से पहले आखिरी मौका दे रहा हूं', ईरान को ट्रंप ने फिर दी अंतिम चेतावनी
US Iran War: अमेरिका और ईरान में तनाव फिर चरम पर है (फोटो- NDTV)
  • ट्रंप बोले- ईरान के पास अच्छा समझौता करने के लिए आखिरी मौका. सिर कलम होने से पहले हर आखिरी मौका देना चाहता हूं
  • ट्रंप ने सोमवार को कहा कि भले ईरान इनकार कर रहा हो, लेकिन इसके बावजूद दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है
  • ट्रंप ने ईरान को सोशल मीडिया पर ईरान को 2 विकल्प दिए- या तो अमेरिका से डील कर लो या फिर पूरी तरह सरेंडर कर दो

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार, 3 अगस्त को कहा कि भले ईरान इनकार कर रहा हो, लेकिन इसके बावजूद दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है. उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के पास 'सिर कलम होने से पहले आखिरी मौका' है. व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्होंने सऊदी अरब, UAE, कतर और कुछ अन्य देशों के रिक्वेस्ट पर ईरान के साथ बातचीत जारी रखने का फैसला किया है. इससे पहले ट्रंप ने ईरान को सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर दो विकल्प दिए थे- या तो अमेरिका से डील कर लो या फिर पूरी तरह सरेंडर कर दो. हालांकि दूसरी तरफ सोमवार को ही ईरान के विदेश मंत्रालय ने साफ कहा कि अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं हो रही है.

लेकिन ट्रंप ने ईरान के इस दावे को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि हम इस समय बातचीत कर रहे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा, "उनके पास एक अच्छा समझौता करने के लिए यह आखिरी मौका है. मैं उन्हें सिर कलम होने से पहले हर आखिरी मौका देना चाहता हूं."

क्या होर्मुज खुलेगा?

यह बातचीत मुख्य रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को खत्म करने पर केंद्रित है. ट्रंप ने कहा कि होर्मुज शायद कल ही खुल सकता है, जबकि ईरान को परमाणु हथियारों से मुक्त करने की प्रक्रिया में थोड़ा समय लग सकता है. बता दें कि 28 फरवरी से अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध चल रहा है. उस दिन अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर अचानक हमले किए थे. हालांकि, पिछले कई महीनों में रुक-रुक कर हुई कूटनीतिक बातचीत की वजह से कुछ समय के लिए तनाव कम भी हुआ.

पांच महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी ईरान अब भी इलाके में अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन दागने में सक्षम है. इसके अलावा, उसके पास अब भी संवर्धित (एनरिच्ड) यूरेनियम का भंडार मौजूद है.

ईरान को ट्रंप ने दिया दो विकल्प

समझौता करो या पूरी तरह सरेंडर करो- डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नेताओं के सामने यही दो विकल्प रखे हैं. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक लंबे पोस्ट में यह चेतावनी दी. उन्होंने ईरान पर दोहरा खेल खेलने का आरोप लगाया और कहा कि ईरान ने पहले बातचीत की गुहार लगाई थी, लेकिन बाद में सार्वजनिक रूप से इससे इनकार कर दिया. ट्रंप ने लिखा, "ईरान माने या न माने, हम उस समस्या का हल निकालने के लिए बातचीत कर रहे हैं, जिसे उसने कई दशकों से पैदा किया है."

ट्रंप ने होर्मुज पर नियंत्रण को लेकर ईरान के दावों को भी खारिज किया. उन्होंने लिखा, "ईरान हमेशा की तरह कहता है कि होर्मुज पर उसका मजबूत नियंत्रण होगा, जबकि असल में इस पूरे इलाके पर पहले से ही अमेरिकी नौसेना का पूरा नियंत्रण है. कुछ लोग इसे हमारी 'नाकाबंदी' कहते हैं और कुछ इसे 'अमेरिका की स्टील की दीवार' कहते हैं."

यह भी पढ़ें: अमेरिकी सेना ने ईरान को सजा देने के लिए सैनिकों से ‘लीक से हटकर' आइडियाज मांगे, अभी 4 विकल्प

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Iran War, US Iran War Updates, US Iran War And Donald Trump
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com