- ईरान के बुशहर निवासी पौरिया हमीदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति से ईरान के धार्मिक शासन से समझौता न करने का आग्रह किया
- विरोध प्रदर्शनों में हजारों की मौतों का हवाला देते हुए ईरानी शासन के खिलाफ विदेशी हस्तक्षेप का आह्वान किया
- वीडियो पोस्ट करने के बाद पौरिया हमीदी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली
ईरान से एक परेशान करने वाली खबर सामने आई है. ईरान के एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से कहा कि वह ईरान के धार्मिक शासन के साथ कोई समझौता न करें. इस आग्रह के बाद उस व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. ईरानी मीडिया ने इस व्यक्ति की पहचान पौरिया हमीदी के रूप में की है. यह वीडियो 10 मिनट से अधिक लंबा है. इसमें उसने ईरान में विरोध प्रदर्शनों पर की गई घातक कार्रवाई की ओर दुनिया का ध्यान खींचा और और ईरानी सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के शासन के खिलाफ विदेशी हस्तक्षेप का आह्वान किया.
ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर बुशहर के 28 साल के निवासी हामिदी ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कहा, "अगर आप इसे देख रहे हैं, तो मैं अब इस दुनिया में नहीं हूं." उसने वीडियो में कहा, "40,000 से अधिक लोग मारे गए, उनकी हत्या की गई, उनका नरसंहार किया गया, मौतों की यह संख्या रूस-यूक्रेन युद्ध से भी अधिक और इजरायल-फिलिस्तीन युद्ध से भी अधिक है."
उन्होंने कहा, "तो प्लीज, मैं आपसे विनती करता हूं कि इस डील को रोकने के लिए आप जो भी कर सकते हैं वह करें."
Pouria Hamidi, 28, from Bushehr, took his own life yesterday.
— 𝐍𝐢𝐨𝐡 𝐁𝐞𝐫𝐠 ♛ ✡︎ (@NiohBerg) February 8, 2026
Why? Because President Trump decided to enter a nuclear negotiation with the regime in Iran, breaking everyone's hopes and dreams, and rendering their sacrifices for nothing.
This is the real human cost of what the… pic.twitter.com/ST7vqyog0a
"हमने आप पर भरोसा किया था ट्रंप"
पौरिया हमीदी ने वीडियो में बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरानियों से कहा था कि वे "विरोध करते रहें, और हमने किया, हमने उन पर भरोसा किया." लेकिन हमीदी ने आगे कहा कि हथियारबंद सेना (ईरान की) से लड़ना संभव नहीं है और ईरान के लोग बाहरी समर्थन के बिना इस्लामी शासन के खिलाफ जीत नहीं सकते.
हमीदी ने कहा, "अमेरिका का ईरान पर हमला ही फिलहाल हमारी एकमात्र उम्मीद है. हम अकेले इस शासन से नहीं लड़ सकते. हमारे लोगों को विदेशी मदद की जरूरत है."
हमीदी ने ईरान के निर्वासित प्रिंस रेजा पहलवी के लिए भी अपना समर्थन जताते हुए कहा कि वह "संक्रमणकालीन सरकार बनाने के लिए सबसे अच्छा विकल्प हैं." उसने ईरान के बाहर मौजूद तमाम विपक्षी समूहों से "एक साथ आने और एक-दूसरे से लड़ना बंद करने" का आह्वान किया. उसने कहा, "आप नहीं जानते कि हमारे लोग इस समय कितने निराश हैं. मेरा मतलब है, मैं खुद खाना नहीं खा सकता. मैं सो नहीं सकता."
ईरान इंटरनेशनल रिपोर्ट के अनुसार हामिदी ने वीडियो बनाने का उद्देश्य अपने जीवन को अर्थ देना बताया और कहा कि उसे उम्मीद है कि ईरानी एक दूसरे का समर्थन करेंगे. जैसे ही रिकॉर्डिंग खत्म हुई, उसने फारसी भाषा में कहा, "ईरान के हम लोग अकेले लोग हैं और हमारे पास कोई नहीं है, इसलिए प्लीज एक-दूसरे को सपोर्ट करें. ईरान जिंदाबाद." वीडियो शेयर करने के बाद हामिदी ने कथित तौर पर अपनी जान ले ली.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं