ब्रह्माण्ड हम इंसानों की कल्पना के दायरे से कहीं विशाल और अजूबा है. एक बार यह फिर साबित हो चुका है. हमारे अपने सौर मंडल से सिर्फ 28 प्रकाश-वर्ष (लाइट ईयर्स) की दूरी पर तारों की एक ऐसी तिकड़ी मिली है, जो किस्मत से ही खोजी गई है. इस सिस्टम में एक ही नहीं, बल्कि तीन तारे हैं- एक धुंधला लाल बौना तारा (रेड ड्वार्फ) और दो सफेद बौने तारे (व्हाइट ड्वार्फ). रोशनी एक साल में जितनी दूर जाती है, उसे एक प्रकाश-वर्ष कहते हैं.
क्यों अजूबा है यह खोज?
इस खोज की अगुवाई कनाडा के मॉन्ट्रियल यूनिवर्सिटी के ट्रॉटियर इंस्टीट्यूट फॉर रिसर्च ऑन एक्सोप्लैनेट्स के एटिएन आर्टिगाउ ने की है. उन्होंने एक बयान में कहा कि हम तो असल में ग्रहों को खोज रहे थे लेकिन इसके बजाय हमें कुछ कहीं ज्यादा चौंकाने वाला मिल गया."
यह खोज इतनी चौंकाने वाली है कि कम से कम 100 प्रकाश-वर्ष के दायरे में ऐसा कोई दूसरा सिस्टम है ही नहीं. इस सिस्टम की बनावट तो नामुमकिन सी लगती है. स्पेस डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार मॉन्ट्रियल के पैट्रिक डुफोर ने कहा कि यह सिस्टम तो होना ही नहीं चाहिए. उनके पास इसका कोई साफ जवाब नहीं है कि यह यहां पहुंचा कैसे.
तारों का अनोखा परिवार, नाम भी वैसा ही मिला
इस ट्रिपल सिस्टम को 'वेलपो'आई' (Welopō'ai) नाम दिया गया है. यह हवाई भाषा के दो शब्दों को मिलाकर बना है, जिसका अर्थ है 'पारिवारिक गुणों का मार्ग'. अब इसके पीछे के रहस्य को समझने के लिए खगोलविदों को इन तीनों पिंडों के इतिहास का पता लगाना होगा.
व्हाइट ड्वार्फ और रेड ड्वार्फ क्या होते हैं
एक सवाल आपके दिमाग में आ सकता है कि व्हाइट ड्वार्फ और रेड ड्वार्फ क्या होते हैं. व्हाइट ड्वार्फ तारा तब बनता है जब हमारे सूरज जैसे वजन वाला कोई तारा अपनी जिंदगी के आखिरी पड़ाव पर पहुंच जाता है. जब उसके बीच वाले हिस्से में हाइड्रोजन खत्म होने लगता है (जिससे वह ऊर्जा बनाता है) तो उसकी ऊर्जा बननी धीमी पड़ जाती है और वह अंदर से सिकुड़ने लगता है. इससे पूरे तारे का तापमान बढ़ जाता है और बाहर की हाइड्रोजन की परत में भी ऊर्जा बननी शुरू हो जाती है. तारा तुरंत फूलकर रेड जाइंट बन जाता है, जो करोड़ों किलोमीटर तक फैल जाता है. फिर कुछ समय बाद तारे में ऊर्जा बननी पूरी तरह बंद हो जाती है. तारे की बाहरी परतें उतरकर अंतरिक्ष में फैल जाती हैं, और उसका बीच वाला हिस्सा सिकुड़कर एक सफेद बौना बन जाता है. इसका आकार पृथ्वी जितना होता है, लेकिन वजन सूरज के वजन का आधे से दो-तिहाई तक होता है.
यह तो बात हुई व्हाइट ड्वार्फ की. दूसरी तरफ रेड ड्वार्फ सबसे छोटा और सबसे ठंडा तारा होता है. इसे हमारे सूरज से समझिए. सूरज पीला और बहुत गरम है. लेकिन रेड ड्वार्फ उससे बहुत छोटा होता है, उसका वजन सूरज के वजन का आधे से भी कम होता है, और वो लाल रंग का दिखता है क्योंकि वो कम गरम होता है. इसकी सबसे खास बात ये है कि ये बहुत धीरे-धीरे अपना ईंधन जलाता है. इसलिए ये सूरज से कहीं ज्यादा लंबा जीता है- हजारों अरब साल तक. मतलब, सूरज जैसे तारे जल्दी मर जाते हैं, लेकिन रेड ड्वार्फ धीरे-धीरे जलता हुआ सबसे लंबे समय तक जिंदा रहता है.
इसलिए वेलोपोआई सिस्टम पहले भी तीन तारों वाला सिस्टम था, जिसमें दो सूरज जैसे तारे थे और एक रेड ड्वार्फ तारा था. अब वो दो सूरज जैसे तारे मरकर सफेद बौने बन चुके हैं, जबकि उनका साथी लाल बौना तारा अभी भी जिंदा है, क्योंकि उसका वजन कम है, इसलिए वह अपना हाइड्रोजन धीरे-धीरे खर्च करता है और ज्यादा लंबा जीता है.
यह भी पढ़ें | पहाड़ों के नीचे बन रही दुनिया की सबसे लंबी सुरंग, 58KM लंबी टनल में दौड़ेगी ट्रेन, घंटों का सफर मिनटों में
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं