विज्ञापन
This Article is From Jul 08, 2018

तेलंगाना के छात्र की US के कंसास में हत्या, संदिग्ध का CCTV फुटेज जारी, रखा 10 हजार डॉलर का ईनाम

अमेरिका के मिसौरी में रेस्तरां में हुई संदिग्ध लूटपाट की घटना के दौरान गोलीबारी में तेलंगाना के 26 साल के एक छात्र की मौत हो गई.

तेलंगाना के छात्र की US के कंसास में हत्या, संदिग्ध का CCTV फुटेज जारी, रखा 10 हजार डॉलर का ईनाम
तेलंगाना के 26 साल छात्र शरत कोप्पू की कंसास में गोली मारकर हत्‍या
  • संदिग्ध लूटपाट की घटना के दौरान गोलीबारी में तेलंगाना के छात्र की मौत
  • मिसौरी यूनिवर्सिटी का छात्र था शरत कोप्पू
  • जेस फिश एंड चिकन मार्किट में शाम लगभग सात बजे गोली मारी गई
कंसास: अमेरिका के मिसौरी में रेस्तरां में हुई संदिग्ध लूटपाट की घटना के दौरान गोलीबारी में तेलंगाना के 26 साल के एक छात्र की मौत हो गई. स्थानीय अखबार 'द कन्सास सिटी स्टार' के मुताबिक, मिसौरी यूनिवर्सिटी का छात्र शरत कोप्पू को शुक्रवार को जेस फिश एंड चिकन मार्किट में शाम लगभग सात बजे गोली मारी गई. वह इस रेस्तरां में पार्ट टाइम काम करता था. पुलिस ने रेस्तरां के भीतर गोलीबारी से कुछ मिनट पहले संदिग्ध का एक वीडियो भी जारी किया है और लोगों से संदिग्ध को पहचानने को कहा है. संदिग्ध हमलावर का वीडियो जारी करते हुए उसके बारे में सूचना देने पर 10 हजार डॉलर का इनाम रखा है. 

कोप्पू सॉफ्टवेयर इंजीनियर था और वह मास्टर डिग्री की पढ़ाई करने जनवरी में ही अमेरिका आया था. पीड़ित शरत के चचेरे भाई रघु चौडावरम ने शव को अमेरिका से भारत लाने के लिए पैसे इकट्ठा करने के लिए गोफंडमी अकाउंट शुरू किया और इसके जरिए तीन घंटे में 25,000 डॉलर जुटाए. रघु ने गोफंडमी अकाउंट में लिखा, "उसके (शरत) हर किसी की तरह ही सपने थे वह अमेरिका में कुछ बड़ा करना चाहता था. उसका सेंस ऑफ ह्यूमर कमाल का था और वह हमेशा लोगों को हंसाता था और हर किसी की मदद के लिए तैयार रहता था."
 
रेस्तरां में मौजूद एक कर्मचारी ने कैन्ससा सिटी स्टार को बताया कि संदिग्ध ने भूरे रंग की शर्ट पहन रखी थी, जिस पर सफेद रंग की पट्टियां थीं. उसने पैसे मांगे और गोली चला दी. कर्मचारी ने बताया, "इस दौरान लोग खुद को बचाने के लिए यहां-वहां भागे. कोप्पू भी भागा तो संदिग्ध ने उसकी पीठ पर गोली मार दी."

कोप्पू ने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया. यूएमकेसी ने शनिवार को जारी बयान में कहा, "हम इस दुख की घड़ी में शरत, उसके परिवार और दोस्तों के प्रति सहानुभूति जताते हैं."

शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूतावास की ओर से कल ट्वीट किया गया, ‘मिसौरी के कंसास सिटी में एक भारतीय छात्र गोलीबारी का शिकार हो गया. हम उसके परिवार वालों और पुलिस के संपर्क में हैं. हम हर सभंव सहायता मुहैया कराएंगे. हमारे अधिकारी भी कंसास सिटी की ओर रवाना हो गये हैं. ’
 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Telangana Student Killed, US, Kansas, CCTV Footage
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com