विज्ञापन

खुमैनी, खामेनेई और मुजतबा... तेहरान के मशहूर चौराहे पर लगा ये पोस्टर क्या दिखाना चाहता है?

ईरान की राजधानी तेहरान के मशहूर वली-ए-अस्र चौराहे पर एक बड़ा सा पोस्टर लगाया गया है. इसमें ईरान के पहले सुप्रीम लीडर रुहोल्लाह खुमैनी, आयातुल्लाह अली खामेनेई और मुजतबा खामेनेई हैं.

खुमैनी, खामेनेई और मुजतबा... तेहरान के मशहूर चौराहे पर लगा ये पोस्टर क्या दिखाना चाहता है?
तेहरान के वली-ए-अस्र चौराहे पर लगा पोस्टर.
Mehr News Agency
  • तेहरान के वली-अ-अस्र चौराहे पर एक बड़ा बैनर लगाया गया है जिसमें तीन प्रमुख ईरानी नेताओं की तस्वीरें हैं
  • इस बैनर में अयातुल्लाह अली खामेनेई नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई को ईरानी झंडा सौंपते हुए दिखाए गए हैं
  • मुजतबा खामेनेई को हाल ही में ईरान का नया सुप्रीम लीडर चुना गया है, जो अयातुल्लाह अली खामेनेई के बेटे हैं
तेहरान:

कहते हैं कि एक तस्वीर जिस असरदाज अंदाज में कुछ कहती है, वैसा हजार लफ्ज भी नहीं कह पाते. एक तस्वीर के जरिए गम, खुशी, युद्ध, शांति, दोस्ती, दुश्मनी और क्या कुछ नहीं बयां किया जा सकता. अब जब ईरान में जंग के 11 दिन हो चुके हैं तो एक ऐसी ही तस्वीर तेहरान के एक मशहूर चौराहे पर लगाई गई है. इस तस्वीर के जरिए बहुत बड़ा पैगाम दिया गया है. 

इस तस्वीर में आयातुल्ला रुहोल्लाह खुमैनी, आयातुल्लाह अली खामेनेई और नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई हैं. असल में यह एक बहुत बड़ा सा बैनर है, जिसे राजधानी तेहरान के मशहूर वली-अ-अस्र चौराहे की एक घुमावदार इमारत पर लगाया गया है. इस बैनर में पीछे पहाड़ हैं और सामने एक हरा-भरा मैदान है.

बैनर में आयातुल्लाह अली खामेनेई के पीछे आयातुल्लाह रुहोल्लाह खुमैनी खड़े हैं. आयातुल्लाह अली खामेनेई ईरानी झंडा नए सुप्रीम लीडर मोजतबा अली खामेनेई को सौंप रहे हैं. इसके जरिेए दिखाया गया है कि आयातुल्लाह अली खामेनेई अब ईरान की बागडोर मोजतबा को सौंप रहे हैं. 

मुजतबा खामेनेई को सोमवार को ही ईरान का नया सुप्रीम लीडर चुना गया है. 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका के हमले में ईरान के तत्कालीन सुप्रीम लीडर आयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी. खामेनेई की मौत के बाद एक्सपर्ट असेंबली ने उनके बेटे मुजतबा को ईरान का नया सुप्रीम लीडर चुना है.

ये बैनर जिस वली-ए-अस्र चौराहे पर लगाई गई है, वह दुनियाभर में मशहूर है. यहां वली-ए-अस्र मस्जिद भी है. जिस जगह ये सब है, उसे वली-ए-अस्र स्ट्रीट कहा जाता है. यह 17.2 किलोमीटर से भी ज्यादा लंबी है, जो जमीन से लेकर पहाड़ी इलाकों तक है. इसे यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज साइट में भी शामिल किया गया है. इस जगह पर कई शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मॉल, सिनेमा हॉल और सरकारी इमारतें हैं.

वली-ए-अस्र चौराहे पर अक्सर बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर लगाए जाते हैं. यह जगह तेहरान का एक प्रमुख राजनीतिक और सार्वजनिक केंद्र है, इसलिए यहां बड़े-बड़े आकार के पोस्टर, राजनेताओं की तस्वीरें और अहम संदेशों वाले होर्डिंग्स आमतौर पर दिखाई देते हैं. 

नवंबर 2024 में इसी चौराहे पर एक बड़ा सा एंटी-इजरायल और एंटी-अमेरिका पोस्टर लगाया गया था. इसमें एक एक इजरायली सैनिक था और उसके आसपास सूट-बूट में कुछ लोग थे, जो उसे किसी जंग के लिए तैयार कर रहे थे. इसके जरिए सीधे तौर पर अमेरिका और इजरायल पर हमला किया गया था. इसके जरिए दिखाया गया था कि अमेरिका, इजरायल को जंग के लिए तैयार कर रहा है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ayatollah Ali Khameini, Mojtaba Khamenei, Iran, Ruhollah Khomeini, Tehran
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com