Russia-Ukraine War: यूक्रेन और रूस के बीच जंग तेज होती जा रही है. युद्ध के सातवें दिन रूस ने यूक्रेन के कई शहरों को निशाना बनाया. राजधानी कीव और खरकीव में रूसी हमले में बड़ी तबाही होने की बात कही जा रही है. रूस की सेना यूक्रेन की राजधानी कीव की ओर बढ़ रही है और यूक्रेनी फौजें उनका मुकाबला कर रही हैं. इस बीच, यूक्रेन में एक और भारतीय छात्र की मौत का मामला सामने आया है. भारतीय छात्र की मौत बीमारी की वजह से हुई है.
रूसी सेना ने यूक्रेन के खेरसन पर कब्जा करने का दावा किया है. रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता Igor Konashenkov ने इस बात की जानकारी दी और कहा कि "सशस्त्र बलों के रूसी डिवीजनों ने खेरसन को पूर्ण नियंत्रण में ले लिया है." रूसी सेना यूक्रेन के कई शहरों को तबाह करने में लगी हुई है. आज रूसी सेना ने खारकीव मिलिट्री अकादमी को अपना निशाना भी बनाया है और इसपर रॉकेट दागा है. रिपोर्ट के अनुसार रूसी सेना ने कई रिहाइशी इलाकों पर भी हमला किया है.
वहीं, यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों के लिए भारत सरकार की ओर से कंट्रोल रूम एक्टिव किए गए हैं. ये कंट्रोल रूम पोलैंड, रोमानिया, हंगरी और स्लोवाक गणराज्य में स्थापित किए गए हैं. ये देश यूक्रेन से सीमा साझा करते हैं.
गौरतलब है कि रूस और यूक्रेन के बीच कई दिनों से युद्ध चल रहा है और इस युद्ध को खत्म करने के लिए दोनों देशों के बीच वार्ता भी हुई थी, जो कि पूरी तरह से विफल रही. जिसके बाद रूस और आक्रामक हो गया है. रूस तेजी से यूक्रेन के कई शहरों पर हमला कर रहा है.