विज्ञापन

'आपकी सरकार बहुत अच्छी है', PM मोदी की तारीफ में नेतन्याहू ने क्या-क्या कहा?

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की. उन्होंने पीएम मोदी के साथ हुई पहली मुलाकात को भी याद किया.

'आपकी सरकार बहुत अच्छी है', PM मोदी की तारीफ में नेतन्याहू ने क्या-क्या कहा?
PTI
येरुशलम:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल के दौरे पर हैं. गुरुवार को उन्होंने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से द्विपक्षीय मुलाकात की. इसके बाद पीएम मोदी और नेतन्याहू ने एक जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की और कहा कि उनका ये दौरा छोटा जरूर था लेकिन बहुत ज्यादा प्रोडक्टिव और दिल को छू लेने वाला था. नेतन्याहू ने पीएम मोदी के इजरायली संसद नेसेट में दिए भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि आपके भाषण ने सभी इजरायलियों को भावुक कर दिया.

जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, 'यह एक शानदार यात्रा है. एक शानदार यात्रा का शानदार नतीजा. यह छोटी लेकिन बहुत ज्यादा प्रोडक्टिव और साथ ही बेहद भावुक भी. मुझे लगता है कि कल नेसेट में आपके मार्मिक बयान के बाद इजरायल में हर किसी की आंखें नम होंगी. मैं आपको बता सकता हूं कि उसके बाद से हमने न सिर्फ अपने दिल की गहराइयों में झांका है, बल्कि दोनों देशों में मौजूद हमारे काबिल लोगों और उनके हुनर की गहराइयों पर भी गौर किया है.'

मोदी सरकार की तारीफ में क्या बोले नेतन्याहू?

जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेतन्याहू ने मोदी सरकार की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि 'मुझे अपने दोस्त नरेंद्र से कहना है कि आपकी सरकार बहुत अच्छी है. आप एक मंत्री और एक एम्बेसेडर के साथ क्या कर सकते हैं, ये देखकर मैं सोचने पर मजबूर हो जाता हूं.'

नेतन्याहू ने कहा, 'हम जानते हैं कि यहां जो दिल और दिमाग का मेल हुआ है, वह इस शानदार G2G मीटिंग में भी जारी रहेगा, जिसका बहुत समय से इंतजार था और इससे उन उन उलब्धियों को भी बढ़ावा मिलेगा जो हम एक-दूसरे को दे सकते हैं. मुझे लगता है कि पूरी इंसानियत को इससे फायदा होगा.'

पीएम मोदी के साथ मुलाकातों को किया याद

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई मुलाकातों को भी याद किया. उन्होंने कहा, 'हमारी पहली या दूसरी मुलाकात तेल अवीव के एक भारतीय रेस्टोरेंट में हुई थी और मुझे आपको बताना है कि इसमें कोई शक नहीं है कि खाना जबरदस्त था. सारा ने पहली बार ऐसा खाना खाया था, इसलिए यह एक शानदार मुलाकात थी.'

उन्होंने आगे कहा, 'सिर्फ खाने की वजह से ही नहीं, बल्कि मुलाकात भी बहुत बढ़िया थी. जाहिर है, मैं आपका और मेरे बच्चों का अहसानमंद हूं. मैं आपको बताना चाहता हूं कि हम अपनी पर्सनल दोस्ती और अपनी सरकारों और अपने लोगों के बीच की दोस्ती को कितनी गहराई से और दिल से महसूस करते हैं. उम्मीद है यह आगे भी बढ़ता रहेगा और मजबूत होता रहेगा. जैसा कि मुझे यकीन है कि इस यात्रा के नतीजे में होगा. थैंक यू, थैंक यू, नरेंद्र.'

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com