अमेरिका में हुए मिडटर्म इलेक्शन में भारतीय मूल की पिया डांडिया ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार पिया ने फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का चुनाव जीता है. चुनाव में पिया को 51.89% वोट मिले, जबकि उनके रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी केसी असकर को 48.11% वोट हासिल हुए. इस जीत के साथ ही वह फ्लोरिडा से अमेरिकी कांग्रेस के लिए चुनी जाने वाली पहली भारतीय मूल की महिला बन गई हैं.
राजस्थान से जुड़ी हैं जड़ें
पिया का परिवार मूल रूप से जयपुर का रहने वाला है. उनके माता-पिता 1980 के दशक में जयपुर से अमेरिका जाकर बस गए थे. उनके पिता डॉ. रोहित डांडिया पेशे से डॉक्टर हैं और उन्होंने जयपुर के एसएमएस मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस किया था. पिया का जन्म अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित पाम बीच काउंटी में हुआ. हालांकि, अमेरिका में पली-बढ़ीं पिया का जयपुर से जुड़ाव बना रहा. वह बचपन से ही छुट्टियों में अपने रिश्तेदारों से मिलने जयपुर आती रही हैं.
पिया का परिवार शिक्षा के क्षेत्र से भी जुड़ा रहा. उनके दादा तेजकरण डांडिया का राजस्थान बोर्ड की गणित की किताबों के लेखन में योगदान रहा. उन्हें मास्टरजी के नाम से भी जाना जाता था. वे राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव भी रहे. उनके योगदान से लिखी गई गणित की किताबों ने राजस्थान के विद्यार्थियों की कई पीढ़ियों को पढ़ाया. उसी परिवार की पिया आज अमेरिका में अपनी अलग पहचान बना रही हैं.
वहीं, पिया की मां भी शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी रही. उन्होंने भी एजुकेशन सेक्टर में काम किया है. पिया ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से गवर्नमेंट विषय में पढ़ाई की और बोस्टन यूनिवर्सिटी से शिक्षा में मास्टर डिग्री हासिल की. उनकी मां शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी हैं और उन्होंने फ्लोरिडा के जुपिटर शहर में मोंटेसरी स्कूल शुरू किया था. पिया की शुरुआती पढ़ाई भी इसी स्कूल में हुई.
व्हाइट हाउस फेलो रहीं, एप्पल में भी किया काम
शिक्षा के क्षेत्र में काम करने के बाद पिया ने प्रशासनिक और कॉरपोरेट क्षेत्र में भी काम किया. वे व्हाइट हाउस फेलो के रूप में काम कर चुकी हैं. इसके अलावा उन्होंने एप्पल कंपनी में पब्लिक सेक्टर इनिशिएटिव्स का नेतृत्व भी किया. स्कूल संचालन के दौरान ही वह डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़ीं और सक्रिय राजनीति में कदम रखा.
अपने चुनाव प्रचार में पिया ने महंगाई कम करने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी. अब चुनाव जीतने के बाद वह फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट का प्रतिनिधित्व करेंगी.
यह भी पढ़ें: US मिडटर्म में एलन मस्क ने झोंका 4,700 करोड़ रुपये, अब कैसे डेमोक्रेट्स के निशाने पर आ गए हैं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं