विज्ञापन
This Article is From May 21, 2014

डॉ. अफरीदी के साथ पाक का व्यवहार अन्यायपूर्ण : अमेरिका

वाशिंगटन:

अलकायदा के पूर्व सरगना ओसामा बिन लादेन को पकड़वाने में सीआईए की मदद करने वाले पाकिस्तानी डॉक्टर शकील अफरीदी की गिरफ्तारी और उनको दी गई कठोर सजा पर अमेरिका ने अफसोस जताते हुए कहा है कि पाकिस्तान का उनके साथ ऐसा व्यवहार ‘अन्यायपूर्ण और अवांछित’ है।

विदेश विभाग की प्रवक्ता जेन साकी ने संवाददाताओं से कहा, हम मानते हैं कि उनके साथ ऐसा व्यवहार अन्यायपूर्ण और अवांछित है। हमें अफसोस है कि उन्हें दोषी ठहराया गया और इतनी सख्त सजा दी गई। उन्होंने कहा, हम स्पष्ट रूप से पाकिस्तान को लगातार सार्वजनिक और निजी तौर पर अपने रुख से अवगत कराते रहे हैं। हम पाकिस्तानी नेतृत्व के साथ विमर्श में यह मुद्दा उठाते हैं। हमारा रूख लंबे समय से साफ है और इसमें कोई बदलाव नहीं आया है।

अफरीदी पाकिस्तान के ऐबटाबाद शहर में पोलियो का टीका लगाते थे। इस कार्य की आड़ में उन्होंने सीआईए को उस परिसर के बच्चों के डीएनए नमूने दिलाने में मदद की थी, जहां पर बाद में 2011 में एक हमले में ओसामा बिन लादेन मारा गया था।

पाकिस्तान की एक अदालत ने अफरीदी को राजद्रोह का दोषी ठहराते हुए 33 साल की सजा सुनाई। बाद में सजा को पलट दिया गया और अब अफरीदी के खिलाफ दोबारा मुकदमा चल रहा है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com