- पाकिस्तान के बलूचिस्तान में पुलिस पोस्ट पर हमला हुआ है जिसमें कम से कम 9 पुलिसकर्मी मारे गए हैं
- हमला आजादी की लगातार मांग उठाने वाले बलूचिस्तान के जियारत जिले में मांगी डैम प्रोजेक्ट के इलाके में हुआ
- न्यूज एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार हमलावर दर्जनों की संख्या में थे
आतंकवादियों को पनाह देने वाला पाकिस्तान खुद हिंसा से जूझ रहा है. अब बलूचिस्तान में पुलिस पोस्ट पर हमला हुआ है जिसमें कम से कम 9 पुलिसकर्मी मारे गए हैं. पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के अनुसार मरने वालों में दो स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) भी शामिल हैं. यह हमला आजादी की लगातार मांग उठाने वाले बलूचिस्तान के जियारत जिले में मांगी डैम प्रोजेक्ट के इलाके में हुआ है. न्यूज एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार हमलावर दर्जनों की संख्या में थे.
रिपोर्ट के अनुसार जियारत के डिप्टी कमिश्नर (DC) अब्दुल कुदूस अचकजई ने कहा कि पांच पुलिसकर्मियों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है और इलाके में अतिरिक्त फोर्स भेजी गई है. उन्होंने कहा कि लापता पुलिसकर्मियों को खोजने का अभियान चल रहा है. एक अलग बयान में, बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री के ऑफिस ने दावा किया है कि हमले के पीछे 'फितना-अल-खवारिज' का हाथ है. इस टर्म का इस्तेमाल सरकार प्रतिबंधित संगठन 'तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान' के सदस्यों के लिए करती है.
एपी की रिपोर्ट के अनुसार हमले की जिम्मेदारी फिलहाल किसी गुट ने नहीं ली है, लेकिन शक बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) पर जा सकता है. BLA ने बीते विकेंड (शनिवार-रविवार) में जिवाणी में एक सुरक्षा चौकी पर हुए आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली थी. हालांकि सरकार ने इस दावे की न तो पुष्टि की है और न ही इसका खंडन किया है.
पाकिस्तान का सबसे बड़ा लेकिन सबसे कम आबादी वाला प्रांत, बलूचिस्तान, लंबे समय से अलगाववादी समूहों के विद्रोह और पाकिस्तानी तालिबान के हमलों का केंद्र रहा है. BLA को अमेरिका ने 2019 में एक विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया था. उसने हाल के वर्षों में आजादी का नारा लगाते हुए पूरे प्रांत में सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर लगातार हमले किए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं