- पाकिस्तान के बलूचिस्तान-खैबर पख्तूनख्वा बॉर्डर पर एक बस गहरी खाई में गिर गई जिससे चालीस लोगों की मौत हुई.
- बस शेरानी जिले के धनसार इलाके से निकली थी, जो डेरा इस्माइल खान की ओर जा रही थी.
- दुर्घटना के बाद दो प्रांतों की पुलिस, बचाव दल और जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए.
पाकिस्तान से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है. यहां एक बस गहरी खाई में गिर गई. इस हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई है. बलूचिस्तान-खैबर पख्तूनख्वा बॉर्डर के पास यह हादसा हुआ है. हादसे के बारे में अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को बलूचिस्तान के शेरानी जिले के धनसार इलाके से चली यह बस खैबर पख्तूनख्वा के डेरा इस्माइल खान की ओर जा रही थी. इसी बीच यह बस खाई में गिर गई. इस हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए.
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री के मीडिया और राजनीतिक मामलों के सलाहकार शाहिद रिंद के एक बयान में कहा गया, "शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे में 40 लोगों की मौत हुई है और आठ अन्य घायल हुए हैं."

पाकिस्तान में गहरी खाई में गिरी बस.
दो जिलों की पुलिस चला रही राहत-बचाव कार्य
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती के आदेश पर घटना के तुरंत बाद बचाव कार्य शुरू कर दिए गए. बयान में कहा गया, "दोनों प्रांतों का जिला प्रशासन, बचाव दल और अन्य संबंधित विभाग प्रभावित लोगों की मदद कर रहे हैं." साथ ही यह भी कहा गया कि घटना की जांच की जाएगी ताकि सच्चाई सामने आ सके.
रास्ते में दूसरी बस के भी कई यात्री इसी बस में हुए थे सवार
इससे पहले, शेरानी के डिप्टी कमिश्नर (DC) वली खान काकर ने को घटना की जगह और अन्य विवरणों की पुष्टि करते हुए बताया कि बस 36 यात्रियों के साथ क्वेटा से निकली थी, लेकिन रास्ते में खराब हुई एक दूसरी बस से कुछ और लोग भी इसमें सवार हो गए. वहीं दूसरी ओर, KP रेस्क्यू 1122 के एक बयान में कहा गया है कि जब बस खाई में गिरी, तो उसमें 48 यात्री सवार थे. इसमें यह भी बताया गया कि दुर्घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद झोब इमरजेंसी सर्विस और रेस्क्यू 1122 की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं.
यह भी पढ़ें - पाकिस्तान के लाहौर में गिरी ट्यूशन सेंटर की छत, 14 बच्चे दबकर मर गए- दिल दहला रहा VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं