- पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत के बरमाल जिले में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है.
- पाकिस्तान ने तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान के ठिकानों पर हमला बोला. इसमें कई लोगों के मारे जाने की खबर है.
- बरमाल में कई ठिकानों पर हमला बोला, जो देर रात धमाकों से गूंज उठे. एक अज्ञात मदरसे पर भी हवाई हमले की खबर हैं.
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में शनिवार रात भीषण हवाई हमला किया. अफगान-पाक बॉर्डर को विभाजित करने वाली डूरंड लाइन के आसपास पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों ने जबरदस्त बमबारी की. दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान के ठिकानों पर हमला बोला. इस हमले में 17 लोगों की मौत होने की खबर है. हमले के बाद अफगानिस्तान ने कहा है कि हमले में मारे जाने वाले लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.
जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान के फाइटर जेट्स ने अफगानिस्तान के कई ठिकानों को निशाना बनाया. अफगान मीडिया ने सूत्रों के हवाले से बताया कि बरमाल के एक अज्ञात मदरसे पर भी हवाई हमला किया गया.
🔴 #BREAKING | अफगान सीमा पर पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक, हमले में 17 लोगों की मौत
— NDTV India (@ndtvindia) February 22, 2026
देखें LIVE: https://t.co/689WjV66bO#Pakistan | #TTP | @Aayushinegi6 | @chandn_bhardwaj pic.twitter.com/F6PX9F8ha2
ये भी पढ़ें: इस देश में पत्नियों को पीटना अब जुर्म नहीं, क्या अब घर भी बना कैदखाना!
खुफिया जानकारी के आधार पर बनाया निशाना
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में सात आंतकी शिविरों पर हमले करने का दावा किया है. पाकिस्तान की सरकार ने कहा कि इन हमलों में अफगानिस्तान स्थित आतंकवादी संगठनों को निशाना बनाया गया है. पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के बयान में पिछले सप्ताह की शुरुआत से हुए तीन हमलों का हवाला देते हुए कहा गया है कि पाकिस्तान ने "खुफिया जानकारी के आधार पर सीमा क्षेत्र में पाकिस्तानी तालिबान और उसके सहयोगियों से संबंधित सात आतंकवादी शिविरों और ठिकानों को चुनिंदा रूप से निशाना बनाया है."
सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि पाकिस्तान ने इस्लामिक स्टेट समूह के एक सहयोगी को भी निशाना बनाया है. हालांकि इसमें हमलों के स्थान या उनके बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई.
17 अफगान नागरिकों के मारे जाने की खबर
अफगानिस्तान के जिलों में पाकिस्तानी वायु सेना द्वारा किए गए हवाई हमलों में 17 अफगान नागरिकों के मारे जाने की खबर है. पाकिस्तान का दावा है कि उसने अफगानिस्तान में टीटीपी के ठिकानों को निशाना बनाया है.
अफगान मीडिया के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना ने पक्तिका प्रांत के बरमाल जिले में हवाई हमलों के दौरान एक धार्मिक मदरसे को निशाना बनाया. शनिवार रात से पाकिस्तानी सेना ने पक्तिका प्रांत के बरमाल और उरगुन जिलों के साथ-साथ नंगरहार प्रांत के खोग्यानी, बेहसूद और गनी खेल जिलों में हवाई हमले किए हैं.
आत्मघाती हमलों के जवाब में पाकिस्तान की एयर स्ट्राइक
मंत्रालय ने कहा कि ये हमले दो सप्ताह पहले इस्लामाबाद की एक शिया मस्जिद में हुए आत्मघाती विस्फोट और उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में हुए अन्य आत्मघाती बम विस्फोटों के जवाब में किए गए थे.
इस्लामिक स्टेट समूह ने मस्जिद विस्फोट की जिम्मेदारी ली थी, जिसमें कम से कम 31 लोग मारे गए थे और 160 से अधिक घायल हुए थे. यह 2008 में मैरियट होटल बम विस्फोट के बाद इस्लामाबाद पर हुआ सबसे घातक हमला था.
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के तालिबान अधिकारियों पर अफगानिस्तान की जमीन को आतंकवादियों की पनाहगाह के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति देने का आरोप लगाया है और हाल के महीनों में घातक सीमा संघर्षों के कारण दोनों देशों के बीच संबंध तेजी से बिगड़े हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं