अरब सागर में समुद्री जलदस्युओं ने यूनान के स्वामित्व वाले 15 चालक दल के सदस्यों वाले तेलवाहक जहाज का अपहरण कर लिया। चालक दल के सदस्यों में भारतीय और फिलीपीन नागरिक हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
इससे पता चलता है कि सोमाली जलदस्यु भारतीय तटों के पास काम कर रहे हैं। बीबीसी की खबर के अनुसार कंपनी ने कहा कि बृहस्पतिवार को भारतीय समयानुसार शाम चार बजकर 20 मिनट पर उसका जहाज से संपर्क टूट गया। खबर के अनुसार यह जहाज सोमालिया ले जाया जा रहा था। उत्तरी सोमालिया के तट पर जलदस्यु इस इलाके में आने वाले अंतर्राष्ट्रीय जलमार्ग पर जहाजों के अपहरण के लिए घात लगाए रहते हैं।
माना जा रहा है कि जहाज का अपहरण ओमानी तट से 630 किलोमीटर की दूरी पर हुआ। खबरों के अनुसार इस जहाज में चालक दल के 15 सदस्य सवार थे। इनमें से ज्यादातर लोग भारतीय या फिलीपीनी नागरिक हैं। इस जहाज का अपहरण ऐसे समय में हुआ है, जब इस इलाके में होने वाले अपहरणों में हालिया समय में कमी आई है।
सोमालियाई जलदस्यु जहाजों को बंधक बनाकर बदले में लाखों डॉलर की फिरौती वसूल करते हैं। इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गेनाईजेशन के अनुसार सोमाली जलदस्युओं ने इस समय 17 जहाजों और चालक दलों के लगभग 300 सदस्यों को बंधक बनाए रखा है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं