पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ एक बार फिर गलत कारणों से चर्चाओं में बने हैं. इस बार चर्चाओं में रहने की प्रमुख वजह है कि पीएम मोदी को मिले अवॉर्ड पर उनकी टिप्पणी. ख्वाजा आसिफ की इन टिप्पणियों पर भारत सरकार से जुड़े सूत्र ने उन्हें जमकर सुना दिया है. भारत सरकार से जुड़े सूत्र ने NDTV से कहा कि ख्वाजा आसिफ की ये टिप्पणी बताती है कि वो अपना संतुलन खो बैठे हैं. वो मानसिक रूप से बीमार हैं. ख्वाजा को आज जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उससे पाकिस्तान के बारे में बहुत कुछ पता चलता है. इससे ये भी साफ है कि उनके पास कोई काम-धंधा नहीं है. इसलिए वो बेतुकी बातें करके समय बिता रहे हैं. जलन हमेशा एक बुरी भावना होती है,खासकर तब जब यह नफ़रत फैलाने वाले किसी व्यक्ति की ओर से हो.
पीएम मोदी पर टिप्पणी कर ख्वाजा ने कराई फजीहत
आपको बता दें कि ख्वाजा आसिफ़ ने इस अवॉर्ड को "सोची-समझी मान्यता" बताया और आरोप लगाया कि इसे PM मोदी के दौरे से ठीक पहले जल्दबाज़ी में तैयार किया गया था. सम्मान-पत्र के शुरुआती वर्शन में टाइपिंग की गलतियों की खबरों का ज़िक्र करते हुए, पाकिस्तानी मंत्री ने दावा किया कि यह घटना "अब तक की सबसे शर्मनाक बात" थी.
इस बयान में आगे कहा गया था कि ऑनलाइन प्रसारित हो रहा दस्तावेज़ एक आंतरिक वर्किंग ड्राफ्ट था जिसे अंतिम प्रूफरीडिंग से पहले अनजाने में साझा कर दिया गया था, और इस बात पर जोर दिया गया कि अंतिम, आधिकारिक तौर पर स्वीकृत प्रशस्ति पत्र सम्मान समारोह के दौरान प्रस्तुत किया गया था और उसमें ऐसी कोई त्रुटि नहीं थी.
खास बात ये है कि भारत ने इस अवॉर्ड से जुड़े विवाद पर आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन सरकारी सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान की आलोचना में तथ्यों के बजाय "ईर्ष्या" झलकती है. सूत्रों ने आसिफ पर ऐसे मामलों पर टिप्पणी करने का आरोप लगाया है, "जिनके बारे में उन्हें बहुत कम जानकारी है.
यह भी पढ़ें: अब पाकिस्तान-इजरायल में ठन गई! क्या PAK इस्लामिक मुल्कों का खलीफा बनने का सपना देख रहा है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं