VIRAL VIDEO: दुनिया में अगर सबसे तेज रफ्तार की ट्रेनों की बात होती है तो सबसे पहले जापान की बुलेट ट्रेनों का ही नाम आता है. बुलेट ट्रेन का असली नाम शिंकांसेन (Shinkansen) है. वैसे तो बुलेट ट्रेन की शुरुआत 1964 में ही हुई थी लेकिन छह दशक बाद इनमें लक्जरी केबिन जोड़ा गया है. पिछले हफ्ते जापान ने इन बुलेट ट्रेनों के अंदर नया और चमकदार 'सुप्रीम क्लास केबिन' लॉन्च किया. जापान के यूट्यूबर पाओलो ने इन नए प्राइवेट केबिन के अंदर फाइव-स्टार स्टाइल सफर किया और उसका वीडियो अपने यूट्यूब चैनल (Paolo fromTOKYO) पर शेयर किया. पाओलो ने "What Japan's $500 Private Shinkansen Supreme Class Train Cabin is like" नाम के वीडियो में इस ट्रेन के लक्जरी अनुभव, उसमें मिलने वाले खाने और अपनी शानदार जर्नी दिखाई है.
आम लोगों से पहले किया सफर
पाओलो ने बताया कि जापान की सबसे नई शिंकानसेन ट्रेन में सफर करना अपने आप में खास है, लेकिन इस ट्रेन का सुप्रीम क्लास प्राइवेट केबिन इसे सबसे खास बना देता है. पाओलो को इस लग्जरी ट्रेन में आम लोगों के लिए सफर शुरू होने से पहले ही यात्रा करने का मौका मिला. वह ओसाका से टोक्यो जा रहे थे. इस ट्रेन में सफर करने के लिए उन्होंने JR से अनुमति मांगी थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया. उन्होंने यह भी साफ किया कि इसके लिए उन्हें कोई पैसे नहीं दिए गए. यानी यह वीडियो कोई पेड प्रमोशन नहीं था.
शिन-ओसाका से टोक्यो तक इस ट्रेन में करीब ढाई घंटे लगते हैं. पाओलों के अनुसार वीडियो शूट करने के समय इस सफर के लिए टिकट की कीमत 60,790 येन यानी करीब 382 डॉलर थी. भारतीय करेंसी में लगभग 37 हजार रुपए. वहीं, हिरोशिमा से टोक्यो तक सफर करने के लिए 86,620 येन यानी करीब 545 डॉलर खर्च करने पड़ते. भारतीय करेंसी में लगभग 53 हजार रुपए.
ट्रेन के अंदर है प्राइवेट कमरा
ट्रेन में चढ़ने के बाद पाओलो ने सुप्रीम क्लास के प्राइवेट केबिन की खासियतें दिखाईं. इस ट्रेन में दो तरह के प्राइवेट कमरे हैं. एक कमरे में एक व्यक्ति सफर कर सकता है, जबकि दूसरा कमरा दो लोगों के लिए है. पाओलो ने दो लोगों के लिए बने बड़े कमरे में सफर किया. इस कमरे में आरामदायक सीट, सोफा, सामान रखने की जगह और लैपटॉप या मोबाइल चार्ज करने के लिए पोर्ट दिए गए हैं. कमरे में एक बड़ी टेबल भी है, जिसे जरूरत पड़ने पर बाहर निकाला जा सकता है. यहां यात्रियों के लिए पानी और हाथ साफ करने के लिए गीला तौलिया (वेट टॉवेल) भी रखा गया है. कपड़े टांगने के लिए हैंगर और खिड़कियों पर पर्दे भी हैं. पर्दों को अपनी जरूरत के हिसाब से खोला और बंद किया जा सकता है.
अपना स्पीकर, खाना ऑर्डर करने का भी ऑप्शन
सुप्रीम क्लास के कमरे में म्यूजिक सुनने के लिए स्पीकर भी दिए गए हैं. पैसेंजर अपने आईफोन या लैपटॉप को ब्लूटूथ से जोड़कर गाने सुन सकते हैं. अगर यात्री अपने साथ खाना नहीं लाते, तो वे ट्रेन में उपलब्ध मोबाइल ऑर्डरिंग सुविधा से खाने-पीने की चीजें मंगा सकते हैं. हालांकि, पाओलो के सफर के दौरान यह सुविधा शुरू नहीं हुई थी.
पाओलो ने सफर के दौरान ट्रेन की खिड़की से बाहर के नजारे भी दिखाए. कमरे के अंदर शांति थी और यात्री आराम से बैठकर खाना खा सकते थे, गाने सुन सकते थे या आराम कर सकते थे. पाओलो के मुताबिक, इस ट्रेन में सफर करने का अनुभव शानदार रहा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं