कृष्ण भक्त सिर्फ भारत में ही नहीं दुनियाभर में हैं. बात जब आराध्य के जन्मदिन की हो तो ये पल और भी खास हो जाता है. जन्माष्टमी का त्योहार भारत के साथ ही इजरायल में भी धूमधाम से मनाया गया. कन्हा के जन्मदिन का जश्न और भी खास हो गया जब इजरायल में यहूदी समुदाय ने नाचते-गाते पूरी श्रद्धा के साथ इसे सेलिब्रेट किया. तेल अवीव से लेकर मोशाव अविएल तक में शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी खास अंदाज में मनाई गई. इस दौरान चारों ओर ‘हरे रामा, हरे कृष्णा' के जयकारे गूंजते रहे.
यहूदी समुदाय ने मनाई कृष्ण जन्माष्टमी
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए देशभर से सैकड़ों श्रद्धालु यहां जुटे, जिनमें अधिकांश यहूदी समुदाय के लोग थे. इजराइल के कृषि आधारित सामुदायिक गांव का सांस्कृतिक केंद्र शुक्रवार को कृष्ण और भारतीय रंग में रंग गया. मोशाव उस कस्बे के पास स्थित है, जहां भगवान कृष्ण के कुछ अनुयायी रहते हैं, जिन्हें यहां आमतौर पर 'हरे कृष्ण' के नाम से जाना जाता है.

इजराइल में भारतीय संस्कृति की झलक
ये श्रद्धालु भारत की अपनी यात्राओं, विशेष रूप से वृंदावन और मायापुर की यात्राओं के दौरान सीखे गए सिद्धांतों का पूरी निष्ठा से पालन करते हैं. ‘गौर पूर्णिमा' और ‘जन्माष्टमी' इन भक्तों के लिए सबसे महत्वपूर्ण त्योहार हैं, जिन्हें वे हर साल पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाते हैं. उनके इन आयोजनों में इजराइल में भारतीय संस्कृति के प्रति रुचि रखने वाले कई अन्य लोग भी शामिल होते हैं.
पास के एक शहर की रहने वाली तमार ने बताया कि वह दो दशक से अधिक समय से हर साल जन्माष्टमी के जश्न में शामिल हो रही हैं. इस समूह ने भारतीय संस्कृति के प्रति उनकी रुचि को और गहरा किया है.

‘कृष्ण प्रसाद' में परोसे गए 108 व्यंजन
बता दें कि जन्माष्टमी सेलिब्रेशन के दौरान भक्तों ने ‘एलोहिम प्लस' (गॉड प्लस) नामक नाटक का मंचन भी किया. नाटक के माध्यम से उन्होंने राधा-कृष्ण के प्रेम, समर्पण और दिव्य संबंध का संदेश प्रस्तुत किया गया. कार्यक्रम के समापन के दौरान वहां मौजूद श्रद्धालुओं को ‘कृष्ण प्रसाद' परोसा गया. इस भोज में 108 प्रकार के शाकाहारी व्यंजन परोसे गए.
इनपुट- भाषा के साथ
ये Video भी देखें :कान्हा के जन्मदिन पर मथुरा में जनसैलाब! 500 ड्रोन से सजेगा आसमान| TOP NEWS
ये भी पढे़ं-कान्हा के जन्मदिन का खास जश्न: 31 किलो का केक, 21 तोपों की सलामी, 425 लीटर दूध से अभिषेक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं