इजरायल ने शनिवार को ईरान पर हमला कर दिया है. इजरायल के रक्षा मंत्री ने इस हमले की जानकारी देते हुए कहा कि उनके देश ने ईरान पर हमला किया है. ईरान की राजधानी तेहरान के मध्य इलाके में कई विस्फोट हुए हैं. जिसके बाद आसमान में घना धुआं उठता दिखाई दिया. अभी तक सामने आई जानकारी के अनुसार हमला ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालय के पास किया गया है. AP की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल के हमले के बाद ईरान ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है. एक ईरानी अधिकारी के अनुसार, ईरान के सुप्रीम लीडर, अयातुल्ला अली खामेनेई तेहरान में नहीं हैं और उन्हें एक सुरक्षित जगह पर भेज दिया गया है.
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार 86 साल के अयातुल्ला अली खामेनेई हमले के समय तेहरान में नहीं थे. उन्हें एक सुरक्षित जगह पर भेज दिया गया है. वहीं NDTV से बात करते हुए एक पत्रकार ने बताया कि उन्होंने राजधानी में कम से कम तीन से चार अलग-अलग हमलों की आवाज़ें सुनीं. इसके अलावा हमले के बाद ईरान में मोबाइल फोन सेवाएं ठप हो गई हैं.
अमेरिका भी हमले में शामिल
अमेरिका के दो अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका भी इस हमले में शामिल है. US के दो अधिकारियों ने CNN को बताया कि US ईरान पर हमले कर रहा है. एक अधिकारी ने कहा कि हमले जारी हैं और ये कोई छोटा हमला नहीं है.
यह हमला अचानक नहीं हुआ. तेहरान के न्यूक्लियर और बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम को लेकर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा है. अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले ही तेहरान को न्यूक्लियर प्रोग्राम पर डील करने के लिए 10 से 15 दिनों का समय दिया था. साथ ही चेतावनी दी थी कि अगर कोई समझौता नहीं हुआ तो 'बहुत बुरी चीजें' होंगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं